है न कमाल  की बात, पहले जीवित महिला को मृत बताया ,फिर उसकी जमीन को भी बेच डाला दलालों ने 

    है न कमाल  की बात, पहले जीवित महिला को मृत बताया ,फिर उसकी जमीन को भी बेच डाला दलालों ने 

    धनबाद(DHANBAD):जीवित महिला को पहले मृत घोषित किया, उसके बाद फर्जी वंशावली और कागजात तैयार कर महिला के नाम की जमीन ही बेच डाली गई.  इस जमीन का रकबा 48 डिसमिल बताया जा रहा है.  जमीन की रजिस्ट्री हुई है गोविंदपुर रजिस्ट्री कार्यालय में. जमीन दूसरे के नाम से रजिस्ट्री कराई गई है.  गोविंदपुर अंचल कार्यालय से जमीन  की  दाखिल खारिज भी करा ली गई है.  अब महिला खुद को जीवित बताते हुए कार्यालय -कार्यालय घूम रही है.  कभी वह गोविंदपुर रजिस्ट्री  कार्यालय जाती है तो कभी अंचल कार्यालय.  वह चाहती है कि दूसरे के नाम से हुई रजिस्ट्री को रद्द किया जाए और दाखिल खारिज को भी रद्द माना जाए लेकिन उसकी फरियाद सुनी नहीं जा रही है.  

    गोविंदपुर थाने में दर्ज हुई है प्राथमिकी 

    कोई रास्ता न देख उपायुक्त को आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है और गोविंदपुर थाने में हेराफेरी कर जमीन बेचने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.  यह पूरा मामला गोविंदपुर अंचल के खड़का बाद मौजा का बताया गया है. .65 वर्षीय विधवा  महसन निशा उर्फ मेहरून निशा पति स्वर्गीय गुड्डू मिस्त्री भमाल (निरसा) के आवेदन पर गोविंदपुर थाना में कांड संख्या 370/22 भादवि की धारा 420 , 406, 467, 468, 469, 120 (बी) के तहत  अंकित किया गया है.  महसन निरसा थाना क्षेत्र के भमाल गांव की रहने वाली है एवं उनका मायका गोविंदपुर का खड़काबाद है.कांड के अनुसंधान की जिम्मेदारी एएसआई पीके सुधांशु को दी गयी है. 

    मौजा खड़काबाद का है यह मामला 
     
    महसन निशा ने प्राथमिकी में कहा है कि गोविंदपुर थाना अंतर्गत मौजा खड़काबाद, मौजा नंबर 222, खाता नंबर 355, प्लॉट नंबर 1160, 1321, 1865, 1883, 1826, 1864/ 4448 रकवा 48 डिसमिल उन्होंने 24 मार्च 1981 को दलील संख्या 2723 के द्वारा खरीदी की थी.जमीन का उनके नाम गोविंदपुर अंचल कार्यालय ने दाखिल खारिज किया था तथा ऑनलाइन पंजी  2 भी कायम हैं.  मो सहजाद हुसैन, पिता मो अलाउद्दीन (कल्लू ), ग्राम खड़काबाद , पोस्ट बरवापूर्व, थाना गोविंदपुर, जिला धनबाद ने कार्यपालक दंडाधिकारी धनबाद के यहां फर्जी शपथ पत्र बनाकर उसे  मृत घोषित करा दिया और गलत वंशावली बनाकर वह  उनकी पुत्री का पुत्र बन गया. जबकि उससे उनका किसी तरह का कोई संबंध नहीं है. जालसाजी एवं हेराफेरी करते हुए सहजाद हुसैन ने दिनांक 10 मई 2022 को गोविंदपुर निबंधन कार्यालय में दलील संख्या 2756 एवं 26 जुलाई 2022 को दलील  संख्या 4502 से  दूसरों के नाम उक्त जमीन रजिस्ट्री कर दी .इस मामले में गोविंदपुर थाना प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि जीवित महिला महसन  निशा को मृत घोषित कर उनकी जमीन की रजिस्ट्री करने वाले व गवाहों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.इस मामले के सभी दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. उन्होंने कहा कि अनुसंधान में कई और नाम जुड़ेंगे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news