IPL 2025: गौतम गंभीर को रिप्लेस कर कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर बने Bravo, CSK का छोड़ा साथ

    IPL 2025: गौतम गंभीर को रिप्लेस कर कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर बने Bravo, CSK का छोड़ा साथ

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK) : वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को आईपीएल (IPL-2025) से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स टीम ने अपना नया मेंटर नियुक्त किया है. कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के सीईओ वेंकी मैसूर ने पुष्टि की कि ब्रावो कैरेबियन प्रीमियर लीग में नाइट राइडर्स की अन्य सभी फ्रेंचाइजी के साथ काम करेंगे. इनमें यूनाइटेड स्टेट्स में मेजर लीग क्रिकेट और यूएई में आईएलटी-20 भी शामिल हैं. ब्रावो केकेआर टीम में गौतम गंभीर की जगह लेंगे. गंभीर की मेंटरशिप में केकेआर ने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था.

    चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच थे ब्रावो

    ब्रावो आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच थे. अब उन्होंने आखिरकार सीएसके और एमएस धोनी का साथ छोड़ दिया है. वह पिछले कई सालों से इस फ्रेंचाइजी से जुड़े हुए थे. साल 2022 तक वह इसी टीम के लिए खेले थे. अब केकेआर ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया है.

    टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ब्रावो के नाम

    ब्रावो की नियुक्ति क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के महज चार घंटे बाद हुई है. ब्रावो ने शुक्रवार को ही इसकी घोषणा की. टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड ब्रावो के नाम है. उन्होंने इस फॉर्मेट में 582 मैचों में 631 विकेट लिए हैं. हालांकि, इस साल कैरेबियन प्रीमियर लीग में उन्हें कमर में चोट लग गई थी.

    केकेआर के सीईओ वेंकी वैंकी ने कहा- डीजे ब्रावो का हमारे साथ जुड़ना बेहद रोमांचक है. वह जिस भी लीग में खेलते हैं, उसे जीतने की उनकी गहरी इच्छा है. उनके व्यापक अनुभव और ज्ञान से फ्रेंचाइजी और सभी खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा. हमें इस बात की भी बेहद खुशी है कि वह दुनिया भर में हमारी अन्य सभी फ्रेंचाइजी- सीपीएल, एमएलसी और आईएलटी-20 से जुड़ेंगे.

    ब्रावो ने 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट में हिस्सा लेना जारी रखा और आईपीएल समेत कुछ अन्य लीग में कोचिंग की भूमिका निभाई. हाल ही में उन्होंने आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ कोच के तौर पर काम किया और उन्हें वेस्टइंडीज और यूएसए में 2024 टी20 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान का गेंदबाजी सलाहकार नामित किया गया.

    2008 से 2010 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे ब्रावो

    41 वर्षीय ब्रावो आईपीएल के पहले तीन सीजन यानी 2008 से 2010 तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे. इसके बाद 2011 में उन्हें नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा था. 2016 में चेन्नई के निलंबन से पहले ब्रावो ने 2011 में टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. 2016 में जब चेन्नई को निलंबित किया गया तो उन्हें गुजरात लायंस टीम ने खरीदा था. 2018 में CSK की वापसी के बाद वह एक बार फिर इस टीम से जुड़े और 2023 तक टीम का हिस्सा रहे.

    इस दौरान चेन्नई की टीम तीन बार चैंपियन बनी. ब्रावो ने दिसंबर 2022 में आईपीएल से संन्यास की घोषणा की और फिर लक्ष्मीपति बालाजी की जगह सीएसके के गेंदबाजी कोच बने. अब उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है. ब्रावो ने आईपीएल में 161 मैचों में 183 विकेट लिए हैं और उनके नाम 1560 रन हैं. इनमें पांच अर्धशतक शामिल हैं. वह 2013 और 2015 में दो पर्पल कैप जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बने.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news