भाजपा विधायक ढुल्लू महतो पर 670 करोड़ की बेनामी संपत्ति रखने का आरोप, आयकर ने जांच के बारे में कोर्ट को दी जानकारी


धनबाद(DHANBAD): बाघमारा के भाजपा विधायक की बेनामी संपत्ति की जांच मामले में आयकर के संयुक्त आयकर निदेशक ने हाईकोर्ट में 15 सितंबर को शपथ पत्र दायर किया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने अपने शपथ पत्र में कहा है कि विधायक की बेनामी संपत्ति की जांच की जा रही है. याचिकाकर्ता के आरोप के आलोक में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. आपको बता दें कि बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के खिलाफ 670 करोड़ की बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में मामला दायर किया गया है. वर्ष 2016 में हाईकोर्ट ने ईडी तथा इनकम टैक्स को विधायक की संपत्ति की जांच का आदेश दिया था. लेकिन जांच नहीं हुई. उसके बाद याचिकाकर्ता ने कोर्ट ने पुनः अनुरोध किया कि पूर्व में जो आदेश पारित किया गया था, उसका जांच प्रतिवेदन मांगा जाए.
अधिवक्ता सोमनाथ चटर्जी ने लगाया है आरोप
आपको बता दें कि कतरास के अधिवक्ता सोमनाथ चटर्जी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर विधायक ढुल्लू महतो के खिलाफ बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है. साक्ष्य के तौर पर उन्होंने कई कागजात, फोटोग्राफ्स आदि भी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए हैं. आपको बता दें कि विधायक ढुल्लू महतो तीसरी बार बाघमारा विधानसभा से विधायक चुने गए हैं. पहली बार उन्होंने बाबूलाल मरांडी की पार्टी पर चुनाव जीता था. उसके बाद 2 बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते हैं.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+