गृह मंत्री अमित शाह का देवघर दौरा कल, 3 लोकसभा और 18 विधानसभा सीट के लिए भरेंगे हुंकार, कार्यकर्ताओं में फूंकेंगे जान  

    गृह मंत्री अमित शाह का देवघर दौरा कल, 3 लोकसभा और 18 विधानसभा सीट के लिए भरेंगे हुंकार, कार्यकर्ताओं में फूंकेंगे जान  

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK): केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 4 फरवरी को झारखंड दौरे पर होंगे. एक महीने के अंदर अमित शाह का ये दूसरा झारखंड दौरा है. गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को देवघर में होंगे. अमित शाह के दौरे को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास सहित अन्य लोग देवघर में मौजूद हैं. अमित शाह का दौरा 2024 चुनाव को लेकर बड़ा दौरा है. यहां वे विजय संकल्प रैली को भी संबोधित करेंगे. गृह मंत्री का ये दौरा 3 लोकसभा और 18 विधानसभा सीट के लिए काफी महत्वपूर्ण है. अमित शाह इस दौरे के जरिए देवघर में कार्यकर्ताओं में जोश फूंकेंगे और साथ ही चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा करेंगे.

    संथाल के सभी लोकसभा सीट जीतना होगा लक्ष्य

    बता दें कि संथाल इलाका बीजेपी के लिए काफी महत्वपूर्ण है. पूरे संथाल इलाके में तीन लोकसभा सीट है, जिसमें से 2 बीजेपी के पास है. केवल राजमहल सीट ही बीजेपी के पास नहीं है. अब तक जीतने भी चुनाव हुए उसमें से सिर्फ दो बार ही इस सीट से बीजेपी प्रत्याशी जीतने में सफल रहे हैं, नहीं तो इस सीट पर कांग्रेस और झामुमो का ही कब्जा रहा है. 2019 के चुनाव में 14 में से 12 सीटों पर एनडीए का कब्जा रहा था. केवल 2 सीट पर बीजेपी को हार मिली थी, जिसमें से एक सीट चाईबासा और एक सीट राजमहल की थी. बीजेपी की कोशिश आने वाले चुनाव में इन दोनों सीटों को जीतने की है. गृह मंत्री अमित शाह का दौरा भी इसी ओर इशारा कर रहा है. उनका पहला दौरा चाईबासा था और अब अगला दौरा संथाल का देवघर है.    

    विधानसभा चुनाव को लेकर भी बीजेपी की तैयारी

    2024 में लोकसभा के तुरंत बाद ही झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में बीजेपी की कोशिश इसकी तैयारी की भी है. झारखंड में संथाल इलाके में कुल 18 विधानसभा सीट हैं. इसमें से केवल चार सीट ही बीजेपी के पास है. वहीं झामुमो के पास 9 और कांग्रेस के पास 5 सीट है. इन आकंडों से समझा जा सकता है कि बीजेपी के लिए संथाल कितना महत्वपूर्ण है. बीजेपी को फिर से झारखंड की सत्ता में वापस आना है तो संथाल जीतना बहुत ही जरूरी है. इसका एक कारण तो इस इलाके में बीजेपी की कमजोर स्थिति है, वहीं दूसरा कारण इस इलाके में झामुमो की मजबूत स्थिति है. संथाल झामुमो का गढ़ माना जाता है. सीएम हेमंत सोरेन भी खुद इसी क्षेत्र से आते हैं. ऐसे में अगर झामुमो को हराना है तो बीजेपी को संथाल में सेंध लगाना ही होगा.

    अवैध खनन मामले को उठा सकते हैं गृह मंत्री अमित शाह

    जाहिर सी बात है कि बीजेपी और गृह मंत्री अमित शाह इससे भली भांति वाकिफ है. अमित शाह की पूरी कोशिश वोटरों को लुभाने की होगी. गृह मंत्री अपने भाषण के दौरान साहेबगंज में हुए अवैध खनन घोटाले का भी जिक्र कर सकते हैं. ईडी साहेबगंज में हुए अवैध खनन मामले की जांच कर रही है. इस घोटाले के मुख्य आरोपी सीएम हेमंत के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ही है. ऐसे में ये मौका अमित शाह भुनाने से चूकेंगे नहीं.

    इसके साथ संगठन मजबूती को लेकर वो कार्यकर्ताओं और बीजेपी के नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं. उन्हें आवश्यक निर्देश देंगे. इसे लेकर बीजेपी तैयारी में जुट चुकी है.   

    4 फरवरी को सुबह 11:45 में गृह मंत्री दिल्ली से देवघर एयरपोर्ट उतरेंगे

    बता दें कि 4 फरवरी को विशेष विमान से सुबह 11:45 में गृह मंत्री दिल्ली से देवघर एयरपोर्ट उतरेंगे, जहां पार्टी नेताओं, स्थानीय प्रशासन द्वारा इनका स्वागत किया जाएगा. उसके बाद अमित शाह बाबा मंदिर जाएंगे जहां 12:15 बजे से लेकर 12:45 तक बाबा मंदिर में रहकर बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे. पूजा अर्चना करने के बाद वह मैहर गार्डन जाएंगे, जहां दोपहर का लंच करेंगे. लगभग 2:00 बजे वह होटल से निकलकर जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया जाएंगे, जहां इफको नैनो फर्टिलाइजर प्लांट का आधारशिला रखेंगे. लगभग डेढ़ घंटे तक वह जसीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में रहेंगे और पार्टी द्वारा आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे.

    इस रैली में संताल परगना के सभी जिलों के पार्टी नेता और कार्यकर्ता का महा जुटान होगा. वहीं से आगामी लोकसभा का इनके द्वारा संथाल साधने के लिए बिगुल फूंका जाएगा. रैली के बाद वह सीधा रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ जाएंगे जहां लगभग सवा घंटा समय बिताएंगे. वे रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह वापस होटल जाएंगे जहां शाम को पार्टी कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे. बैठक के बाद मैहर गार्डन में ही अमित शाह रात्रि विश्राम करेंगे. फिर अगली सुबह 5 फरवरी को सुबह 10:20 पर विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता दिन-रात एकजुट किए हुए है. वही इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित पार्टी की रैली को संबोधित करने के लिए विशाल मंच का निर्माण कराया जा रहा है. गृह मंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्था कर ली गई है. सुरक्षा से लेकर यातायात तक सभी संबंधित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के अलावा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. जिलाध्यक्ष नारायण दास ने बताया कि प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक रैली की तरह ही गृह मंत्री अमित शाह का नागरिक अभिनंदन और रैली होगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news