"हिस्ट्रीशीटर" विक्रम शर्मा ने अपहणरकर्ताओं को दी थी चेतावनी -जमशेदपुर को मत छेड़ो या फिर हादसे के लिए तैयार रहो!


धनबाद(DHANBAD): अपराधी से "सफेदपोश" बनने की कोशिश कर रहे झारखंड के जमशेदपुर के "हिस्ट्रीशीटर " विक्रम शर्मा का एक पोस्ट वायरल हो रहा है. हालांकि इसकी पुष्टि The Newspost नहीं करता है. यह पोस्ट जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण के बाद का बताया जाता है. 15 जनवरी की तारीख के इस पोस्ट में विक्रम शर्मा ने लिखा था -- जमशेदपुर शहर क्या इतना मजबूर और कमजोर हो चुका है कि बाहर से अपराधी आकर यहां अपहरण का धंधा शुरू कर रहे हैं. उठो नौजवानों, जागो- मेरे शहर के युवाओं ,छोटा से छोटा कोई भी सूत्र हो तो प्रशासन के साथ साझा करो. अपराधियों को भी चेतावनी है- शहर को मत छेड़ो या फिर हादसे के लिए तैयार रहो.
बता दे कि कैरव गांधी के अपहरण में बिहार के अपराधियों की संलिप्तता सामने आने के बाद विक्रम शर्मा ने सोशल मीडिया पर यह पोस्टर जारी किया था. विक्रम शर्मा की शुक्रवार को दिनदहाड़े देहरादून में गोलियों से भून दिया गया था. विक्रम शर्मा जिम से जैसे ही बाहर निकल रहा था, तभी घात लगाए अपराधियों ने उस पर फायर झोंक दी.
विक्रम शर्मा को तीन गोलियां मारी गई. एक गोली सिर लगी, इस वजह से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. देहरादून पुलिस को तीनों अपराधियों का सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है. तीनों जमशेदपुर के ही बताये जा रहे हैं, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जिम से बाहर निकलकर विक्रम शर्मा जैसे ही सीढ़ियों पर कदम रखा ,तो टोह में लगे अपराधियों ने उस पर गोलियां दागनी शुरू कर दी. विक्रम शर्मा को तीन गोली मारी गई. गोली मारने के बाद जब अपराधी निश्चिन्त हो गए की विक्रम शर्मा का बचाना अब मुश्किल है, तो वह वहां से भागे। बाहर अपराधियों का तीसरा साथी बाइक से उनका इंतजार कर रहा था. वह लोग बाइक पर बैठकर फरार हो गए.
विक्रम शर्मा देहरादून में किराए के फ्लैट में रह रहा था. अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्टल भी साथ रखता था. लेकिन शुक्रवार को इतनी सुनियोजित ढंग से उस पर अपराधियों ने हमला बोला कि उसे पिस्टल निकालने तक का मौका नहीं मिला। पुलिस इसे पुराने रंजिश और गैंगवार से जोड़कर भी देख रही है. सूत्रों के अनुसार विक्रम शर्मा झारखंड में भी अकूत संपत्ति अर्जित की है. फिलहाल वह सबकी नजरों से बचने के लिए देहरादून में अपना कारोबार फैला लिया था. देहरादून के लोग उसे सफल कारोबारी जानकार सलाम ठोकते थे. लेकिन शुक्रवार को जब यह पता चला कि यह सफल कारोबारी झारखंड के जमशेदपुर का "हिस्ट्रीशीटर" है तो लोगों के पैरों से जमीन खिसक गई.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+