मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर से कल निकलेगी भव्य शिव बारात

    मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ, महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर से कल निकलेगी भव्य शिव बारात

    रांची(RANCHI): महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार दोपहर तीन बजे पहाड़ी मंदिर से भव्य शिव बारात निकाली जाएगी. इस आयोजन की जिम्मेदारी आयोजन महासमिति ने संभाली है. कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दीप प्रज्वलित कर करेंगे. उनके साथ सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू और बादल सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे.

    समिति के प्रवक्ता बादल सिंह के अनुसार इस वर्ष भगवान शिव कर्पूरगौरं करुणावतारं स्वरूप में भूत-प्रेतों की टोली के साथ बारात में विराजमान होंगे. 51 महिलाएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ की परंपरागत परछन और आरती करेंगी. बारात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी. भूत-प्रेतों की टोली तांडव नृत्य प्रस्तुत कर शोभायात्रा को और भव्य बनाएगी.

    शोभायात्रा पहाड़ी मंदिर के मुख्य द्वार से शुरु होकर शनि मंदिर अपर बाजार, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड से गुजरते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर तक जाएगा. वहां पारंपरिक सनातन रीति-रिवाजों के साथ भगवान शिव का विवाह संस्कार संपन्न कराया जाएगा. इस बार आयोजन को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाया गया है और देशभर के कलाकार इसमें भाग लेंगे.

    कार्यक्रम में शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का विशेष नृत्य, भजन संध्या, डीजे प्रस्तुति तथा झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगे. राधा-कृष्ण का प्रेम नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा. पांच सजे-धजे रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे और लगभग 20 से अधिक गाडियों को फूलों से सजाया जाएगा. महासमिति की ओर से हर घर शिव अभियान भी संचालित किया जा रहा है. संरक्षक जितेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.

    इससे पूर्व सुरेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को पारंपरिक विधि से बाबा भोलेनाथ को हल्दी अर्पित की गई. बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए इस अनुष्ठान में भाग लिया. मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. बाबा का आकर्षक श्रृंगार कर विधिवत आरती की गई तथा मंडप की रस्म निभाई गई.

    15 फरवरी को शिव बारात चुटिया स्थित श्री राम मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह कार्यक्रम संपन्न होगा. मंदिर के अध्यक्ष सुरेश साहू और महासचिव संतोष सिन्हा ने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news