हाईटेंशन तार बना काल, दतवन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा, 11 हजार वोल्ट की चपेट में आकर किशोर की मौत


रांची (RANCHI): जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित नाऊज गांव में करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. हादसा ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिंदू बसाईर के सामने हुआ. मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के पुत्र सोनू लोहरा के रूप में की गई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
जानकारी के अनुसार, सोनू सुबह दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था. इसी दौरान वह पेड़ से सटे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया. तेज करंट लगते ही वह पेड़ पर ही अचेत हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. करंट के झटके से बिजली का तार भी टूट गया, जिससे नीचे सूखी झाड़ियों में आग लग गई और कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई.
ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई. सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना की जानकारी मिलने पर अंचल अधिकारी सच्चिदानंद वर्मा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. इधर, ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य सड़क के किनारे खुले में लटकते हाईटेंशन तार को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
बेटे की मौत की खबर सुनते ही सोनू की मां बेसुध होकर गिर पड़ीं. आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला. परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है.
4+