Good News: 5 फरवरी से आदित्यपुर स्टेशन से खुलेंगी ये 4 ट्रेनें, यात्रियों को होगी अब सुविधा

    Good News: 5 फरवरी से आदित्यपुर स्टेशन से खुलेंगी ये 4 ट्रेनें, यात्रियों को होगी अब सुविधा

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK):सरायकेला वासियो के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. जहां अब उनको हर ट्रेन को पकड़ने के लिए टाटानगर स्टेशन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि 5 फरवरी को सरायकेला के आदित्यपुर स्टेशन से चार यात्री ट्रेनें खुलेंगी जिससे लोगों को काफी सुविधा होगी.टाटानगर रेलवे स्टेशन और आदित्यपुर स्टेशन के लिए पांच फरवरी का दिन काफी महत्वपूर्ण होने जा रहा है.वर्षों से टाटानगर रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली चार जोड़ी यानी आठ एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अब आदित्यपुर रेलवे स्टेशन से किया जाएगा.

    रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने लिया बड़ा फैसला

     रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दक्षिण पूर्व रेलवे ने यह बड़ा फैसला लिया है, जिससे टाटानगर स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम किया जा सके.दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेलमंडल के अंतर्गत आने वाली चार जोड़ी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के टर्मिनल में बदलाव किया गया है. अब इन ट्रेनों का अंतिम पड़ाव टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन होगा. इसका मतलब यह है कि ये ट्रेनें अब आदित्यपुर से ही खुलेंगी और वहीं समाप्त होंगी. यह आदेश 5 फरवरी गुरुवार से प्रभावी हो जाएगा.

    टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफार्म और ट्रैक पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव होगा कम 

    गुरुवार से धनबाद-टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और हटिया-टाटानगर पैसेंजर ट्रेन का अंतिम पड़ाव आदित्यपुर स्टेशन कर दिया गया है. इसी तरह, टाटानगर-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस और टाटानगर-हटिया पैसेंजर भी अब आदित्यपुर से संचालित होंगी. इससे टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफार्म और ट्रैक पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा.

    यात्रियों को आदित्यपुर से ट्रेन पकड़ने में किसी प्रकार की नहीं होगी असुविधा

    रेलवे प्रशासन के अनुसार टाटानगर और आदित्यपुर स्टेशन के बीच की दूरी बेहद कम है. ऐसे में यात्रियों को आदित्यपुर से ट्रेन पकड़ने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. इसके उलट, यात्रियों को अप्रत्याशित भीड़ से राहत मिलेगी. रेलवे का मानना है कि आदित्यपुर से ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से टाटानगर स्टेशन पर ट्रैफिक नियंत्रण बेहतर होगा.

    ट्रेनों के समय पर परिचालन में भी मदद

    रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टाटानगर स्टेशन पर लगातार बढ़ रही ट्रेनों और यात्रियों की संख्या के कारण परिचालन व्यवस्था पर असर पड़ रहा था. आदित्यपुर स्टेशन को टर्मिनल बनाकर ट्रेनों के संचालन से टाटानगर स्टेशन पर प्लेटफार्म, सिग्नल और ट्रैक से जुड़ी समस्याओं में काफी हद तक सुधार आएगा. इससे ट्रेनों के समय पर परिचालन में भी मदद मिलेगी.

    स्टेशन पर जरूरी सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य पूरे

    रेलवे के अनुसार डीआरएम तरुण हुरिया के मार्गदर्शन में आदित्यपुर स्टेशन पर जरूरी सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य पूरे कर लिए गए हैं. संरक्षा अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों के विशेषज्ञ नेतृत्व में प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री सुविधा से जुड़े कार्यों को अंतिम रूप दिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.दक्षिण पूर्व रेलवे के उपमुख्य परिचालन प्रबंधक (यात्री परिवहन) श्रीनिवास सामंत ने टाटानगर से आदित्यपुर टर्मिनल परिवर्तन की जानकारी देते हुए ट्रेनों की समय-सारिणी भी जारी की है. उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से अन्य ट्रेनों के टर्मिनल में भी बदलाव पर विचार किया जा सकता है.

    आदित्यपुर से संचालित होने वाली ट्रेनें और समय

    धनबाद-टाटानगर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस (13301) 5 फरवरी से दोपहर 12.05 बजे.

    टाटानगर-धनबाद सुवर्णरेखा एक्सप्रेस (13302) 5 फरवरी से शाम 3.35 बजे.

    हटिया-टाटानगर पैसेंजर (68036) 5 फरवरी से रात 11.35 बजे.

    टाटानगर-हटिया पैसेंजर (68035) 5 फरवरी से सुबह 6.35 बजे.

    आसनसोल-टाटानगर एक्सप्रेस (13512) 6 फरवरी से दोपहर 12.50 बजे.

    टाटानगर-आसनसोल एक्सप्रेस (13511) 6 फरवरी से दोपहर 1.25 बजे.

    विशाखापत्तनम-टाटानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस (20816) 29 मार्च से सुबह 6.35 बजे.

    टाटानगर-विशाखापत्तनम साप्ताहिक एक्सप्रेस (20815) 30 मार्च से सुबह 7.30 बजे.

    रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news