पुलिस नहीं बल्कि खुद साले के ह'त्यारे का पता लगाएंगे ईंचागढ़ के पूर्व विधायक मलखान सिंह

    पुलिस नहीं बल्कि खुद साले के ह'त्यारे का पता लगाएंगे ईंचागढ़ के पूर्व विधायक मलखान सिंह

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): अपने साले कन्हैया सिंह की हत्या से मर्माहत पूर्व विधायक मलखान सिंह ने मीडिया से बात करते हुये कहा है कि राज्य में सरकारी तंत्र फेल है. चारों तरफ अपराध व गुंडागर्दी का आलम है. पुलिस प्रशासन असहाय व निर्बल है. कन्हैया की हत्या किसने और क्यों की? इसका पता पुलिस नहीं, बल्कि वे स्वंय लगायेंगे. जानकारी हो कि बुधवार की रात 10 बजे के करीब ईंचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के साले कन्हैया सिंह की अपराधियों ने आदित्यपुर हरीओमनगर स्थित उनके आवास में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गये. ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज और कन्हैया सिंह की हत्या के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. पूर्व विधायक समेत काफी संख्या में लोग मौके पर और टीएमएच इमरजेंसी वार्ड जहां कन्हैया सिंह को गोली लगाने के बाद ले जाया गया था, वहां जमा हो गये. वहीं आदित्यपुर पुलिस अपराधियों का पता लगाकर उसकी धर पकड़ में जूट गयी है.

    अपराधियों का चारागाह और ड्रग का हब बन चुका आदित्यपुर : मधु कोड़ा

    वहीं सिंहभूम की सांसद सह प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मलखन सिंह से मिलने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में लगातार हत्याएं हो रही हैं. यह क्षेत्र पूरी तरह से ड्रग का हब बन चुका है. यह दर्शाता है कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था का क्या आलम है. दोनों नेताओं ने इस दौरान विधि-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य की अपनी ही सरकार को घेरा. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्थानीय विधायक सह मंत्री चंपई सोरेन से तत्काल आदित्यपुर को अपराध और नशे से मुक्त करने की दिशा में कारगर कदम उठाने की मांग की. इस दौरान उनके साथ प०सिंहभूम जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय व प्रवक्ता जितेन्द्र नाथ ओझा भी उपस्थित थे.

    घात लगाये अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कन्हैया की हत्या की

    घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि 3 की संख्या में नकाबपोश अपराधी देर रात करीब 10:00 बजे के आसपास कन्हैया सिंह के हरीओम नगर रोड नंबर 5 स्थित मकान के पास पहुंचे. तीनों अपराधी घर की सीढ़ियों पर पहले से चढ़े हुए थे. जैसे ही कन्हैया सिंह गाड़ी से उतरकर घर की सीढ़ियों पर चढ़ने के लिये आगे बढ़े तभी अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. एक गोली उनसे सिर में लग गयी और वे फर्श पर गिर गए. गोली मारने के बाद तीनों अपराधी पैदल ही अलग-अलग दिशा की ओर भाग निकले. ऐसा लग रहा है कि अपराधियों को कन्हैया सिंह के घर आने के टाइम का पता था. वे पहले से ही उनकी रेकी कर रहे होंगे. इस दौरान काफी लोग जमा हो गये. लोगों ने उनको उठाकर टीएमएस पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह टीएमएच पहुंचे. पूर्व विधायक समझ नहीं पा रहे थे कि कन्हैया की हत्या किसने व क्यों की?

    फरवरी से अब तक हो चुकी हैं 10 हत्याएं

    पिछले कुछ दिनों से आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हो रही हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा. इन्हीं वारदातों के कारण आदित्यपुर थाना के प्रभारी छह माह भी नहीं टिक पाते और उन्हें हटा दिया जाता है. हत्या की हालिया घटनाओं से आदित्यपुर थर्रा रहा है. फरवरी से अब तक 10 लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं. इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त है. इलाके में लोगों की जान हथेली पर है. कब कौन किसे गोली मार देगा इसकी कोई गारंटी नहीं है. ब्राउन सुगर की तस्करी के लिये विख्यात आदित्यपुर हत्या की घटनाओं से दहल उठा है.

    रिपोर्ट: संतोष वर्मा, चाईबासा और रंजीत ओझा, जमशेदपुर    

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news