गोड्डा(GODDA): गोड्डा शहर में आज एक अनहोनी होने से बच गई, पूरा शहर जलते-जलते बच गया. दरअसल, गुरुवार को गोड्डा के बीच बाजार में गोड्डा-भागलपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पम्प में खड़ी एक बाइक में आग लग गई. पास खड़ी दो बाइक भी आग में झुलस गई. देखते ही देखते ये आग पेट्रोल पम्प के नोजल तक पहुंच गई. उस वक्त पम्प पर लगभग 25 से 30 लोग तेल लेने को अपने-अपने वाहनों के साथ आये हुए थे.
ये भी पढ़ें:
पन्द्रवीं राष्ट्रपति कैसे बन सकती हैं द्रौपदी मुर्मू - समझिए वोट की गणित
कैसे हुई दुर्घटना
प्रत्यक्ष दर्शियों ने और पम्प कर्मियों की मानें तो एक शख्स अपनी बाइक में तेल फुल करा कर निकला ही था कि उसकी बाइक में आग लग गई और वो गिर गया, गिरने की वजह से पास खड़ी एक और बाइक में आग लग गयी. साथ ही पम्प के नोजल में भी आग लग गयी. गनीमत ये रही कि कोई हताहत नहीं हुआ.
पम्प के पास नहीं थे आग बुझाने के अपडेटेड उपकरण
आग लगते ही पूरे पम्प सहित आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग भागते हुए नजर आ रहे थे. घटना के वक्त मौजूद लोगों की मानें तो आग बुझाने के लिए पम्प के अपने उपकरण अपडेट नहीं होने की वजह से नाकाम साबित हुए. लोगों ने अग्निशमन को खबर दी और अग्निशमन विभाग ने आकर आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
टल गयी बड़ी दुर्घटना
भागलपुर मार्ग स्थित यह पेट्रोल पम्प शहर के बीचोबीच स्थित है और इसके चारों ओर का इलाका रिहाइशी जाना जाता है. जिस तरह से पम्प के नोजल में आग लग गयी थी, अगर जमीन के अन्दर बनी पेट्रोल की टंकी में आग पकड़ जाती तो फिर बहुर बड़ा हादसा होने से कोई नहीं रोक सकता था. ऐसे में एक बड़ा दुर्घटना होते-होते टल गई.
रिपोर्ट: अजीत सिंह, गोड्डा
Thenewspost - Jharkhand
4+

