जिला शांति समिति की बैठक: डीजे बजाने पर रहेगी रोक ,अश्लील गाना बजाने वालो पर चलेगा पुलिस का डंडा

    जिला शांति समिति की बैठक: डीजे बजाने पर रहेगी रोक ,अश्लील गाना बजाने वालो पर चलेगा पुलिस का डंडा

    धनबाद(DHANBAD): होली एवं रमजान का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए सोमवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की गई. डीसी सुश्री माधवी मिश्रा ने  अध्यक्षता की.  उपायुक्त ने कहा कि होली मिल जुलकर मनाने का त्योहार है.  वहीं रमजान का महीना  पवित्र माह है.  सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं, त्योहारों के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे, इसलिए संवेदनशील स्थानों पर  स्टेटिक फोर्स तैनात रहेगा.  इसके अलावा विभिन्न इलाकों में मोबाइल पेट्रोलिंग जारी रहेगी.  उपायुक्त ने कहा कि होली के अवसर पर डीजे बजाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी, वहीं लाउडस्पीकर पर अश्लील गाना बजाने वालों पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी.  बैठक के दौरान पानी, बिजली, साफ सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य जो भी समस्याएं सामने आई ,उनका  समाधान करने के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया.

     पानी की समस्या होने पर टोल फ्री नंबर 1800-8904-160 पर फोन कर सूचना दे.  सूचना देने वाले को अपना होल्डिंग नंबर एवं वॉटर कनेक्शन नंबर दर्ज कराना होगा. बैठक में सिटी एसपी  अजीत कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान विधि -व्यवस्था बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.  किसी भी तरह की समस्या आने पर तुरंत प्रशासन और थाना को सूचित करें, स्वयं फैसला नहीं ले.   युवकों पर नजर रखें, समाज का अहित चाहने वालों की सूचना पुलिस को दे.उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों को प्रशासन ने चिन्हित कर लिया है.  ऐसे तत्वों को हिरासत में लिया जाएगा.  सिटी एसपी ने लहरिया  कट और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने वालों की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया.  कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस का सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल एक्टिव रहेगा.  सोशल मीडिया पर किसी तरह की अफवाह फैलाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी.  उन्होंने लोगों से अफवाहों का समर्थन नहीं करने की अपील की.

     बैठक में राम गोपाल भुवानिया, महादेव हांसदा, रवींद्रनाथ धीवर, अजय नारायण लाल, अतह नवाज खान, शिवांशु श्रीवास्तव, एजाज अहमद, मोहम्मद सोहराब, सावित्री पांडेय, बैजनाथ यादव, मो एजाज अली, अशोक महतो, मो असाफक हुसैन, अजीत कुमार मिश्रा, अमनदीप सिंह सहित जिले के विभिन्न शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे. शांति समिति की बैठक समाप्त होने के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर विभिन्न पहलुओं पर दिशा निर्देश दिए गए. बैठक में उपायुक्त  माधवी मिश्रा, सिटी एसपी  अजीत कुमार, नगर आयुक्त  रवि राज शर्मा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, एडीएम सप्लाई  जियाउल अंसारी, डीएसपी  शंकर कामती,  नौशाद आलम, एसडीपीओ निरसा  रजत माणिक बाखला के अलावा विभिन्न अंचल के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी व शांति समिति के सदस्य मौजूद थे. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news