DHANBAD: कई जगह अभी तक टंगे हैं राष्ट्रीय ध्वज, अब सहेज कर रखने की बारी, जानिए कहां कर सकते हैं जमा


धनबाद (DHANBAD): अमृत महोत्सव मनाने में धनबाद किसी से पीछे नहीं रहा. 13 से 15 तक यहां घर-घर तरंगा अभियान खूब सफल रहा. उत्साह और सम्मान के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों, दुकानों, कार्यालयों में लोगो ने तिरंगा लगाया. लेकिन जितना उत्साह तिरंगा लगाने में दिखा, उतना उत्साह तिरंगा उतारकर उसे सम्मान के साथ रखने में नहीं दिख रहा है. केंद्र सरकार ने 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा लगाने का आदेश निर्गत किया था, लेकिन 15 अगस्त के बाद भी सड़क के किनारे कई घरों में तिरंगा लगे हुए हैं. जबकि उन तिरंगा को उतारकर सम्मान के साथ रख लेना चाहिए. बारिश का मौसम है, हमें देखना होगा कि तिरंगा का कहीं अपमान नहीं हो.
तिरंगा लगाने के लिए तो राजनीतिक दल के लोग भी जन जागरण चला रहे थे, लेकिन तिरंगा को उतारकर सम्मान के साथ सुरक्षित रखने की दिशा में वह अपनी जिम्मेवारी से अलग दिख रहे हैं. वैसे तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने एक निर्देश अपने डीलरों को जारी किया है कि जो लोग भी तिरंगा लेकर इंडियन ऑयल को पंप में जाएं तो उन्हें सुरक्षित रख लिया जाये. इधर धनबाद नगर निगम में भी तिरंगा को सुरक्षित रखने का अभियान शुरू किया है.
धनबाद नगर निगम के उप नगर आयुक्त प्रकाश कुमार ने बताया कि निगम की ओर से सफाई कर्मियों की टोली को आदेश दिया गया है कि जहां भी वो झंडा देखे ,उसे सम्मान के साथ उतार कर निगम कार्यालय में जमा करा दे. लोगों को इसके लिए जागरूक करने की भी कोशिश की जा रही है. वहीं, धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरेंद्र सहाय ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा अभियान धनबाद में सफल रहा लेकिन हमें देखना होगा कि तिरंगा का कहीं अपमान नहीं हो. उन्होंने इस मामले में 2004 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश का भी हवाला दिया.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह के साथ प्रकाश
4+