बैंड बाजे के साथ आरोपियों के घर पहुंच रही धनबाद पुलिस, जानिए क्या है मामला


धनबाद (DHANBAD) : धनबाद में बैंड बाजे के साथ पुलिस दरवाजे-दरवाजे पहुंच रही है. लेकिन कोई खुशहाली बांटने नहीं, बल्कि इश्तहार चिपकाने के लिए जा रही है. इसी तरह का एक मामला धनबाद के सरायढेला थाने में सामने आया है. धनबाद पुलिस का यह अंदाज़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. बैंड बाजा के साथ पुलिस पीएमसीएच के पीछे स्थित दहेज प्रताड़ना के एक आरोपी के घर पहुंची और उसके घर के बाहर इश्तहार चिपका कर उसके घर वालों को तुरंत आरोपी को आत्मसमर्पण कराने की हिदायत दी.
फरार था आरोपी, पुलिस ने बैंड बाजे के साथ घर पर चिपकाया इश्तहार
जानकारी के अनुसार आरोपी अक्षय कुमार के खिलाफ वर्ष 2018 में उनकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले को सही पाने के बाद पुलिस ने अक्षय के खिलाफ गैर जमानती वारंट लिया था. लेकिन वह न तो पुलिस की गिरफ्त में आया और न ही उसने न्यायालय में सरेंडर किया. बैंड बाजे के साथ इश्तहार चिपकाने की कार्रवाई की शहर में खूब चर्चा हो रही है. लेकिन जिस घर में पुलिस ने इश्तहार चिपकाया, उसमें शायद कुर्की लायक कुछ नहीं है. मामला चाहे जो हो लेकिन पुलिस के इस तरीके को नायाब माना जा रहा है और लोग चटकारे के साथ इसकी चर्चा कर रहे हैं.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+