DHANBAD; शहर और गांव तिरंगा मय, उत्साह चरम पर


धनबाद (DHANBAD): आजादी के अमृत महोत्सव पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले से देश की जनता से पांच प्रण लिए , वहीं कोयलांचल की धरती पर स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव का उत्साह सिर चढ़कर बोल रहा है. क्या बच्चे, क्या बूढ़े, क्या महिलाएं, क्या बच्चियां सब उत्साह से लबरेज हैं. स्कूली बच्चे सुबह से ही बैंड बाजा के साथ जुलूस की शक्ल में सड़कों पर घूम रहे थे. शहर से लेकर गांव तक ,घरों से लेकर प्रतिष्ठान तक, सड़क से लेकर चौक-चौराहे तक, जिधर देखिए उधर ही तिरंगा शान से लहरा रहा था.
शहर में जगह-जगह बाइक रैली निकाली गई थी. लोग खुशियां बांट रहे थे. बाइक रैली में शामिल लोग कह रहे थे कि यह आजादी ,जो हमें आज मिली है, वह बहुत बड़ी कुर्बानी के बाद मिली है. हम आज अपने महापुरुषों की कुर्बानी से आजाद हुए है. महापुरुषों को कुर्बानी दिए 75 साल हो गए ,आज हम उनको नमन करते हैं, उनका वंदन करते हैं.
वैसे, धनबाद में अमृत महोत्सव को लेकर पिछले दो सप्ताह से जबरदस्त तैयारी चल रही थी. प्रभात फेरी, बाइक रैली, सभाएं लोगों को उत्साहित करने के लिए की जा रही थी. आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दल के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आज पूरा धनबाद तिरंगा मय में दिख रहा है. धनबाद के कई संस्थाओं ने भी झंडा फहराने के बाद यात्रा निकाली, बैंक मोड़ चेंबर के सदस्यों ने पदयात्रा की.
रिपोर्ट : शाम्भवी सिंह के साथ प्रकाश
4+