Dhanbad: निरसा में हो गया बड़े आकार का गोफ ,दहशत का माहौल,अब आगे क्या


धनबाद(DHANBAD): निरसा में मंगलवार फिर भू धंसान की घटना हो गई. बड़े आकार का गोफ बन गया. यह सब हुआ है मुगमा बस्ती के समीप राय टोला एवं आंगनबाड़ी केंद्र को जोड़ने वाली सड़क पर. रास्ते में अचानक गोफ बन गया. इसके बाद तो इलाके में दहशत का माहौल है. मंगलवार की सुबह लगभग 3 फीट की गोलाई में बने इस गोफ को देखकर ग्रामीण भयभीत हो गए.
यह रास्ता न केवल बच्चों के आंगनबाड़ी जाने का एकमात्र मार्ग है, बल्कि राय टोला और सेंट्रल पुल के सैकड़ो लोगों के आने- जाने का मुख्य मार्ग भी है. लोग बताते हैं कि बरसों पूर्व इस क्षेत्र में खदान संचालित थी. खदान बंद होने के बाद यह इलाका रिहायशी क्षेत्र में बदल गया. लेकिन खुदाई का असर अब जाकर दिखना शुरू हुआ है. खदान धंसने की वजह से ही गोफ बनने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
फिलहाल बांस -बल्ली की मदद से उस इलाके को घेर दिया गया है. धनबाद कोयलांचल में भू धंसान की घटनाएं लगातार हो रही है. यह अलग बात है कि धंसान की घटनाएं कोई नई नहीं है, लेकिन 2025 में जो धंसान की घटनाएं हो रही है, उसका आकार और प्रकार गंभीर है. इस साल बारिश भी अधिक हो रही है. इस वजह से धंसान की घटनाएं भी अधिक हो रही है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+