सीएमडी मनोज अग्रवाल ने आरके अर्थ आउटसोर्सिंग माइंस का किया औचक निरीक्षण, कोयला चोरी को बताया समाज का कोढ़

    सीएमडी मनोज अग्रवाल ने आरके अर्थ आउटसोर्सिंग माइंस का किया औचक निरीक्षण, कोयला चोरी को बताया समाज का कोढ़

    धनबाद (DHANBAD): भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज अग्रवाल ने कुसुंडा क्षेत्र स्थित आरके अर्थ रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड की ऐना आउटसोर्सिंग माइंस का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कोयला उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण और डिस्पैच व्यवस्था का मौके पर जाकर गहन जायजा लिया.

    निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने बीसीसीएल की मौजूदा उत्पादन और डिस्पैच स्थिति पर असंतोष जताया. उन्होंने कहा कि दोनों ही क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है. स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब क्रेशर की ओर जा रहे हाईवा ट्रकों में कोयले के साथ बड़ी मात्रा में सफेद पत्थर मिले. इस पर सीएमडी नाराज हो गए और स्वयं क्रेशर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की.

    सीएमडी मनोज अग्रवाल ने मौके पर मौजूद निदेशक (तकनीकी), महाप्रबंधक, अन्य प्रबंधन अधिकारियों और सीआईएसएफ के जवानों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हाल में कोयले में बाहरी पदार्थों की मिलावट नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से सफेद पत्थर की मिलावट पर कड़ी नजर रखी जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्पादन लक्ष्य हासिल करना जरूरी है, लेकिन डिस्पैच किए जा रहे कोयले की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा.

    इस अवसर पर सीएमडी ने कोयला चोरी को समाज के लिए “कोढ़” बताते हुए कहा कि यह एक गंभीर समस्या बन चुकी है. उन्होंने कहा कि अवैध खनन और कोयला तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीसीसीएल प्रबंधन कोयला चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगा.

    सीएमडी ने बताया कि वे हर माह नियमित रूप से सभी क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं. आगामी लगभग 105 दिनों में उत्पादन और डिस्पैच में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने निदेशक (ऑपरेशन) और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन माइंस से उत्पादन बढ़ाया जा सकता है, उन पर गंभीरता से काम किया जाए.

    निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग, कोयले की पोजिशन, ठेकेदारों की मशीनों की उपलब्धता, पानी का छिड़काव और अन्य सेफ्टी उपायों की भी समीक्षा की गई. सीएमडी ने कहा कि अधिक बारिश के कारण इस वर्ष कई माइंस प्रभावित हुई हैं, लेकिन आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार की उम्मीद है. उन्होंने दोहराया कि सुरक्षित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के जरिए कंपनी, राज्य और देश के विकास में योगदान देना बीसीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news