बोकारो तनिष्क ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश, दो आरोपी हुए गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

    बोकारो तनिष्क ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश, दो आरोपी हुए गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

    बोकारो (BOKARO): सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में 11 जनवरी 2026 को हथियार के बल पर लूट के प्रयास के मामले में बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस संबंध में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 02/26, दिनांक 12 जनवरी 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. 

    पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 फरवरी 2026 को बेगूसराय, बिहार से दो आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बोकारो सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. आरोपियों की निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल 7.65 एमएम, पांच जिंदा गोलियां, एक पिट्ठू बैग और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए.

    गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रिंस कुमार (20 वर्ष), पिता बिरजु महतो, निवासी चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र, जिला बेगूसराय तथा मो. समशाद उर्फ मो. मुख्तार (24 वर्ष), निवासी चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है. प्रिंस कुमार के खिलाफ पहले से चेरिया बरियारपुर थाना में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं. वहीं मो. समशाद के खिलाफ सिल्लीगुड़ी थाना कांड संख्या 414/25 दर्ज है, जो तनिष्क ज्वेलर्स लूट से संबंधित है.

    इस पूरी कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में सेक्टर-4, सिटी, बालीडीह, हरला, सेक्टर-12 थाना, तकनीकी शाखा तथा एससी-एसटी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news