भाजपा समर्थित उम्मीदवार रौशनी खलखो ने रांची नगर निगम के लिए किया नामांकन, राजधानी में उमड़ा जनसैलाब


रांची (RANCHI): रांची नगर निगम के महापौर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रौशनी खलखो ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. नामांकन से पहले उन्होंने शहर में एक भव्य जनरैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल हुए. रैली के कारण पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल साफ नजर आया इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया.
रैली में शामिल समर्थकों ने नारे लगाए और ढोल-नगाड़ों के साथ रौशनी खलखो के प्रति अपना उत्साह और समर्थन जताया. नेताओं ने भी उनके पक्ष में एकजुटता दिखाई और चुनाव में मजबूती से साथ देने का भरोसा दिलाया.
उल्लेखनीय है कि रौशनी खलखो इससे पहले पार्षद के रूप में कार्य कर चुकी हैं और नगर निगम की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित हैं. नामांकन के बाद उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देंगी.
गौरतलब है कि रांची नगर निगम चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी. जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे शहर में सियासी सरगर्मी भी तेज होती जा रही है.
4+