झारखंड शराब घोटाला मामले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, प्लेसमेंट एजेंसी का निदेशक गुजरात से गिरफ्तार


रांची (RANCHI): झारखंड में सामने आए शराब घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्लेसमेंट एजेंसी के निदेशक को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है. एसीबी ने मेसर्स मार्शन इनोवेटिव सिक्यूरिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक को शनिवार को हिरासत में लिया.
इससे पहले एसीबी ने 14 अक्टूबर को इसी मामले में मेसर्स विजन हॉस्पिटैलिटी सर्विसेज एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के तीन निदेशकों को भी अहमदाबाद से गिरफ्तार किया था. जांच में सामने आया है कि विजन हॉस्पिटैलिटी और मार्शन इनोवेटिव प्राइवेट लिमिटेड का चयन हजारीबाग, कोडरमा और चतरा जिलों में मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों के रूप में किया गया था.
एसीबी के अनुसार, 27 अगस्त 2023 को कंपनी के प्रतिनिधि नीरज कुमार के हस्ताक्षर से 5.35 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जमा कराई गई थी. बाद में 28 दिसंबर 2023 को कंपनी के निदेशक महेश शिडके के हस्ताक्षर से दोबारा बैंक गारंटी दी गई. कंपनी ने इसका कारण आंतरिक बदलाव बताया.
जांच के दौरान एसीबी ने पाया कि 10 जनवरी 2024 को बैंक गारंटी की जांच के लिए पत्र लिखा गया था, लेकिन उत्पाद विभाग या जेएसबीसीएल की ओर से इसका सत्यापन नहीं कराया गया. बाद में विक्रय के विरुद्ध अंतर राशि जमा नहीं करने पर 9 जनवरी 2025 को बैंक गारंटी जब्त करने का आदेश दिया गया.
मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां बैंक गारंटी की अवधि बढ़ाने का आदेश दिया गया. इसके बाद जब दो अधिकारियों ने बैंक जाकर सत्यापन किया तो पता चला कि संबंधित बैंक ने न तो कोई बैंक गारंटी जारी की है और न ही लेटरहेड व हस्ताक्षर बैंक के हैं. फर्जी बैंक गारंटी के मामले में 8 अप्रैल 2025 को कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. एसीबी मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.
4+