गोड्डा-दुमका सांसद के प्रयास से नौनीहाट भतोरिया स्टेशन पर रूकी कवि गुरू एक्सप्रेस,रेल मंत्री ने दिखायी हरी झंडी


दुमका(Dumka): दुमका-भागलपुर रेल मार्ग के नोनीहाट भतोरिया स्टेशन पर कवि गुरु एक्सप्रेस का ठहराव होगा. नोनीहाट भतोरिया के लोगों की काफी दिनों से चल रही मांग अब पूरी हो गई है. बताते चलें कि जमालपुर से हावड़ा जाने वाली कवि गुरु एक्सप्रेस दुमका से चलकर हंसडीहा रुकती थी. यह ट्रेन बीच में पड़ने वाले नोनीहाट भतोरिया स्टेशन पर नहीं रुकती थी. जिसे लेकर नोनीहाट व आसपास के कई गांवों के लोगों ने चुनाव के समय ही गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और दुमका सांसद सुनील सोरेन से इस बारे में बात की थी और इस एक्सप्रेस को स्टेशन पर रोकने की मांग की थी. इस पर दोनों नेताओं ने सभी को आश्वस्त किया था कि चुनाव के बाद निश्चित रूप से ग्रामीणों की मांग पूरी की जाएगी. सांसद निशीकांत दुबे के अथक प्रयास से शनिवार के दिन कवि गुरु एक्सप्रेस नोनीहाट भतोरिया स्टेशन पर रुकी और यहीं से रेल मंत्री के द्वारा ऑनलाइन हरी झंडी दिखा कर ट्रेन को आगे प्रस्थान कराया गया. मौके पर सांसद निशिकांत दुबे के साथ दुमका सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार, मुखिया पूनम देवी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी रेल मंत्री के साथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इस अवसर पर भारी संख्या में पंहुचे लोगों ने प्रधानमंत्री और सांसद का नाम लेकर नारा लगाते हुए धन्यवाद दिया.
सीता सोरेन के समर्थकों ने दिखाया निशिकांत दुबे को काला झण्डा
इस कार्यक्रम में जामा विधायक सीता सोरेन को आमंत्रित नहीं किया गया था. जिससे उनके समर्थकों में काफी आक्रोश था. सैकड़ों की संख्या में सीता सोरेन के समर्थक समारोह स्थल पर पहुंच कर सांसद निशिकांत दुबे के विरुद्ध जम कर नारेबाजी करने लगे और काला झंडा दिखाया.
रिपोर्ट- अजय भारती,जामा,दुमका
4+