13 लाख फिरौती लेकर पहले अपहर्णकर्ताओं ने व्यवसायी को छोड़ा, अब 25 लाख मांग रहे


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) - जमशेदपुर के टेल्को खडंगाझार राधिकानगर निवासी आकाश कुमार सिन्हा और उसके कर्मी शिवम का अपहरण कर लिया गया. घटना 27 मई की दोपहर की है. अपराधियों ने खुद को पुलिस कर्मी बता घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद अपराधी उसके आंख में पट्टी बांध सरायकेला की ओर ले गए. अपराधियों ने आकाश के परिजनों से 60 लाख रुपए की फिरौती मांगी. हालांकि, बाद में अपराधी 13 लाख रुपए में मान गए और आकाश को छोड़ दिया.
बोलेरो और स्विफ्ट कार से पुलिस की वर्दी पहनकर आए थे अपराधी
घटना 27 मई की है. घटना के वक्त आकाश डीटीओ ऑफिस से अपने घर की ओर जा रहा था. गोलमुरी गोल्फ कोर्स के पास बोलेरो और स्विफ्ट कार से आए अपराधियों ने आकाश के कार को ओवरटेक कर रोका और खुद को पुलिस कर्मी बताकर अपने साथ चलने को कहा. अपराधी उसके आंख में पट्टी बांधकर सरायकेला ले गए. यहां आकाश से उसके परिजनों को फोन कर 60 लाख रुपए की फिरौती मांगी. हालांकि, अपराधी 13 लाख रुपए में मान गए.
देर रात परिजनों ने जुबली पार्क के पास सुनसान जगह पर पहुंचाया फिरौती का पैसा
बीते 27 मई की रात को ही अपराधियों ने आकाश के परिजनों से फिरौती के रुपए लेकर जुबली पार्क के पास बुलाया. परिजन रुपए लेकर जुबली पार्क गेट नंबर 2 के पास पहुंचे जहां फिरौती के रुपए लेकर आकाश को छोड़ने की बात कही. दूसरे दिन 28 मई को अपराधियों ने उसे छोड़ दिया.
अब 25 लाख लेकर रांची बुला रहे अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने फिर से आकाश से संपर्क किया और अब उससे 25 लाख रुपए लेकर रांची आने को कह रहे है. रुपए नहीं देने पर घर के एक सदस्य के अपहरण की धमकी दे रहे है. इस घटना के बाद से आकाश का परिवार डर के माहौल में है.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर
4+