देवघर(DEOGHAR): त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में देवघर के 3 प्रखंडों में कल मतदान कराया जाएगा. सारठ, पालाजोरी और मारगोमुण्डा प्रखंड के 832 मतदान केंद्रों पर कल मतदान होगा. इसके लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है. इसमें 186 संवेदनशील, 491 अति संवेदनशील और 155 सामान्य बूथ है. आज कुमैठा स्टेडियम से डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसपी सुभाष चंद्र जाट की मौजूदगी में सुबह से तीनों प्रखंड में चुनाव कराने के लिए मतपेटियों और सुरक्षा बलों के साथ मतदान कर्मियों को रवाना किया जा रहा है. जिला उपायुक्त और एसपी दोनों ने बताया कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. पिछले चरणों में हुए मतदान प्रतिशत को देखते हुए कल भी रिकॉर्ड मत प्रतिशत होने की संभावना है. इसके लिए 5 लेयर में सुरक्षा की व्यवस्था की गई है. असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए 18 ड्रोन कैमरा की सहायता ली जाएगी. प्रतिनियुक्त कर्मी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया जा चुका है. गौरतलब है कि पहले चरण में शांतिपूर्ण मतदान और और बिना हल्ला हंगामा का मतदान और इसका मतगणना संपन्न हो गया है. बाकी तीसरे और चौथे चरण की मतगणना 31 से शुरू होगी.
3 लाख के करीब मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग
चौथे चरण में कुल 2 लाख 94 हज़ार 849 मतदाताओं में 1 लाख 54 हज़ार 337 पुरुष जबकि 1 लाख 40 हज़ार 511 महिला और एक मात्र पालाजोरी में ट्रांसजेंडर मतदाता कल अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चौथे चरण में सारठ प्रखंड में सर्वाधिक 27 पंचायत है जहां 27 मुखिया, 3 जिप सदस्य, पालाजोरी के 25 पंचायत के 25 मुखिया, 3 जिप सदस्य और मारगोमुण्डा के 13 पंचायत में 13 मुखिया और 2 जिप सदस्य के अलावा कुल 81 पंचायत समिति और वार्ड सदस्यों के पद के लिए कल सुबह 7 से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होना है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
Thenewspost - Jharkhand
4+

