सारंडा में दो जिप प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल, दोनों तरफ से मामला दर्ज

    सारंडा में दो जिप प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल, दोनों तरफ से मामला दर्ज

    चाईबासा(CHAIBASA): नोवामुंडी भाग-1 से जिला परिषद प्रत्याशी मनीषा कुमारी व देवकी कुमारी के समर्थकों के बीच जमकर मार पीट हो गई. यह मार पीट किरीबुरु स्थित आर्चरी मैदान व मेन मार्केट स्थित मुख्य सड़क पर हुई. घटना 19 मई को मतदान प्रारंभ होने से पूर्व आधी रात के 12 बजे के करीब की है. इस घटना में देवकी कुमारी के कार्यकर्ता बड़ाजामदा निवासी प्रवीण कुमार सिंह, गोवर्धन चौरसिया, किरीबुरु निवासी शोएब खान समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आयी है. इसमें प्रवीण सिंह का सर भी फट गया है, जिसे इलाज के लिये सेल अस्पताल में भर्ती किया गया है. वहीं, दोनों पक्ष के लोगों द्वारा किरीबुरु थाना में अलग-अलग जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराया गया है. जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकू घायल प्रवीण सिंह से मिलने सेल अस्पताल आये और उन्हें जल्द स्वस्थ होने की बात कही.

    चुनाव में पैसा बांटने का आरोप

    घटना के बाबत प्रवीण सिंह, गोवर्धन चौरसिया आदि ने बताया की वे जिला परिषद प्रत्याशी देवकी कुमारी के कहने पर बूथ एजेंट के नामों से संबंधित कागजात व सूची पहुंचाने किरीबुरु आये थे. यहां आने के दौरान देवकी कुमारी द्वारा सूचना दी गई कि किरीबुरु के विभिन्न हाटिंग में विपक्षी प्रत्याशी मनीषा कुमारी के पक्ष में मतदान कराने हेतु मनीषा के पिता शंभू हाजरा व किरीबुरु के कुछ लोगों द्वारा पैसा बांटा जा रहा है. इसकी जानकारी लेने जब हम लोग मेन मार्केट गये तो वहां मौजूद शंभू हाजरा व अन्य लोगों ने शोएब खान की पिटाई कर दी और हम लोगों को भी मारने पर उतारु हो गये. इसके बाद हम सभी वहां से भाग कर एसडीपीओ कार्यालय रोड पहुंचे. बाद में जब वहां से बड़ाजामदा की तरफ वापस होने लगे तो आर्चरी मैदान के समीप शंभू हाजरा की मौजूदगी में उनके 30-40 समर्थकों द्वारा हमला किया गया, जिसमें लगभग आधा दर्जन लोगों को चोटें आयी है.

    दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत

    वहीं, दूसरी तरफ रात में मनीषा कुमारी व शंभू हाजरा द्वारा भी किरीबुरु पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराया गया है. शिकायत में उन्होंने कहा कि उक्त लोग बड़ाजामदा से किरीबुरु आकर विभिन्न हाटिंग को वोटरों को पैसा देकर मतदान प्रभावित करने का कार्य कर रहे थे. जब इसका विरोध हमारे कार्यकर्ताओं ने किया तो वे मारपीट करने लगे. इस घटना के बाद दोनों गुट के समर्थक आमने-सामने हो गये हैं. फिलहाल आज मतदान की वजह से शांति अवश्य कायम है, लेकिन भविष्य में बदले की कार्रवाई से इंकार नहीं किया जा सकता है.

    रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, गुवा(चाईबासा)


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news