लगातार हो रही चोरी, हाथ पर हाथ धरे बैठी पुलिस, इलाके में दहशत


लातेहार (LATEHAR) : हेरहंज थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है. लेकिन अब तक हेरहज पुलिस एक भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर पाई है. इस कारण लोगों में हर समय चोरी की घटना से भय बना रहता है. कुछ ऐसा ही मामला हेरहंज थाना मुख्यालय से सामने आया है. थाना मुख्यालय सेमहज पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय के बगल से सिंचाई के लिए लगाए गए सोलर सिस्टम से चोरों ने दूसरी बार फिर एक और सोलर प्लेट की चोरी कर ली गई. इसकी प्राथमिकी हेरहंज थाना में जमीन मालिक रामजी प्रसाद ने दर्ज कराई गई.
सिंचाई के लिए लगा सोलर सिस्टम
जमीन मालिक ने बताया कि उक्त जमीन में सितम्बर महीने में स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सिंचाई के लिए सोलर सिस्टम को लगाया गया था और कुछ दिनों बाद अक्टूबर महीने में ही एक सोलर प्लेट की चोरी हो गई. इसकी सूचना तत्काल हेरहंज थाना को दी गई. लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया और पुनः उसी स्थान से छह महीने बाद अज्ञात चोरों ने दूसरी बार तार काटकर एक और सोलर प्लेट की चोरी कर ली. वहीं फिर जमीन मालिक द्वारा हेरहंज थाना में इसकी सूचना दी गई है. हालांकि इस मामले में थाना प्रभारी मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि जैसे जगह पर सोलर सिस्टम लगाया गया है, वहां पर चोरी की घटना आम है. लेकिन पुलिस घटना के बारे में पता लगा रही है.
आधे दर्जन चोरी की घटना
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक हेरहंज थाना क्षेत्र में बीते छह माह में लगभग आधे दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी है. लेकिन आज तक एक भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं हो सका है. इनमें कई बाइक की भी चोरी हो गए है. हालांकि सूत्र बताते है कि चोरी की घटना होने के बाद थाना में प्राथमिकी तक ही सीमित हो जाती है. उसके बाद न तो इस का खुलासा होता है और न कोई करवाई होती है. अब सवाल यह उठता है कि आखिर थाना मुख्यालय से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय के बगल में सोलर प्लेट की चोरी हो जाना यह गंभीर तो है ही. लेकिन एक बात और है कि जब वहां से चोर चोरी कर सकते हैं, तब फिर विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं कैसे सुरक्षित रहेंगी. लगातार चोरी होना मतलब चोरों का मनोबल बढ़ना है.
भयभीत किसान ने शेष बचे सोलर प्लेट को खुलवाया
लगातार चोरी की घटना से भयभीत होकर जमीन मालिक ने जमीन में सिंचाई के लिए लगाये गए सोलर सिस्टम को खोलकर सुरक्षित घर में रख दिया. ऐसे में उनका कहना है कि दो बार चोरी की घटना हो चुकी है. अब और इसे यदि छोड़ दे तो यह भी चला जायेगा. उक्त सोलर सिस्टम में नौ सोलर प्लेट 300 वाट के लगाये गए थे. जिसमें मात्र सात ही प्लेट बचे हैं. इस सोलर सिस्टम से लगभग पांच एकड़ अगल बगल की जमीन सिंचित हो रही थी, साथ ही आसपास के लोगों को पीने के लिए पानी भी मिल रहा था. वहां पर आसपास में एक भी पेयजल और सिंचाई का साधन मौजूद नहीं है और इसी कारण इस सिस्टम की स्थापना की गई थी.
4+