गुमला(GUMLA): सिसई थाना क्षेत्र के नागफनी स्थित कोयल नदी में रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर बालू निकालकर चोरी छुपे बेच दिया जा रहा है. यह काम रात के अंधेरे में भी हो रहा है और दिन के उजाले में भी. आश्चर्य की बात है कि नेशनल हाईवे पर स्थित नागफनी के कोयल नदी के पुल से ट्रैक्टरों द्वारा बालू निकालते हुए साफ-साफ दिखाई देने के बावजूद भी खनन विभाग के द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नहीं करना खनन विभाग की असफलता को दर्शाता है.
धड़ल्ले से हो रही बालू चोरी
ज्ञात हो कि गुमला जिला में अभी किसी भी बालू घाट के लीज की जानकारी नहीं है. जिसके कारण बहुत सारे बालू माफिया चोरी-छिपे ट्रैक्टर से बालू निकालते हैं और हाईवा एवं ट्रक में लोड करके बाहर भेज कर बेच देते हैं. सिसई के विधायक जिगा सुसारण होरो भी कई बार इस मामले में पदाधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं. परंतु इससे सरकारी बाबू को कोई फर्क नहीं पड़ता है और धड़ल्ले से यहां का बालू चोरी हो कर बाहर ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है. ग्रामीणों में भी इस बात को लेकर काफी नाराजगी है क्योंकि इस तरह खुलेआम बालु की चोरी होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी महंगे दरों पर बालू प्राप्त होता है. साथ ही साथ लगातार नदियों से बालू के उत्खनन के कारण ग्रामीण जलस्तर गिरता जा रहा है और पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान हो रहे हैं. लेकिन बालू माफिया के डर से और प्रशासन के मौन सहमति के कारण कुछ भी कहने से डरते हैं.
रिपोर्ट: अमित राज, सिसई/गुमला
Thenewspost - Jharkhand
4+

