रफ्तार ने लील ली जान : पलामू में सड़क हादसे में 2 की मौत, एक घायल


पलामू (PALAMU) : पलामू जिले में शुक्रवार को ओढनार पंचायत के बरवाडीह मोड़ के पास दो बाइक में सीधी टक्कर होने से दोनों बाइकों पर सवार एक-एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गयी. वहीं हादसे में एक बाइक पर सवार बुजुर्ग महिला जख्मी है. उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला चैनपुर थाना क्षेत्र का है.
सड़क हादसों में 4 दिनों में 8 लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार मृतकों में गढ़वा जिले के कीतासोकी निवासी बीरबल भुइयां का 25 वर्षीय पुत्र नन्दलाल भुइयां और गढ़वा के ही छपरदगा के रहने वाले सुरेश चौधरी (55 वर्ष) शामिल हैं. घटना के बाद से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है और सभी का रो-रो कर बुरा हाल है. बता दें कि पिछले 4 दिनों के भीतर पलामू जिले में हुए अलग- अलग सड़क हादसों में अब तक आठ लोगों की मौत हो गई है.
मौके पर ही 2 लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि नन्दलाल भुइयां अपनी नानी फुलपातो देवी को बाइक से लेकर ओढनार पंचायत क्षेत्र में अपने एक रिश्तेदार के घर आ रहा था. वहीं सुरेश चौधरी गढ़वा जाने के लिए बरवाडीह मोड़ होकर बाइक से निकल रहा था. शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे दोनों बाइकों में आमने सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. इस दुर्घटना से मौके पर नन्दलाल और सुरेश की मौत हो गयी. वहीं नानी फुलपातो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
रिपोर्ट: ज़फ़र महबूब, मेदनी नगर/पलामू
4+