अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग को मिली इंडियन ऑयल में नौकरी, पूरे परिवार में खुशी का माहौल

    अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग को मिली इंडियन ऑयल में नौकरी, पूरे परिवार में खुशी का माहौल

    सिमडेगा(SIMDEGA) : जूनियर महिला हॉकी वर्ल्ड कप सहित कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी सिमडेगा जिला के ब्यूटी डुंगडुंग को आज इंडियन ऑयल ने नियुक्ति पत्र सौंपा. ब्यूटी डुंगडुंग 2016 में पहली बार झारखंड टीम से राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता से राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की शुरुवात की थी और 2019 में पहली बार वह इंडिया कैंप में शामिल की गई.  

    ब्यूटी के परिवार वाले भी रह चुके हैं हॉकी के खिलाड़ी

    ब्यूटी के पिता अमरूस डुंगडुंग भी एक अच्छे हॉकी खिलाड़ी रहे हैं और राष्ट्रीय नेहरू प्रतियोगिता में अपने विद्यालय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. ब्यूटी के बड़े भाई सचिन डुंगडुंग अभी जूनियर इंडिया टीम के राष्ट्रीय कैंप में शामिल हैं. इसके अलावा एक और बड़े भाई जूवेल डुंगडुंग अच्छे हॉकी खिलाड़ी रहते हुए झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. ब्यूटी के पिता अमरस डुंगडुंग एक छोटे किसान हैं तथा माता नीलिमा डुंगडुंग गृहिणी है. आर्थिक रूप से कमजोर ब्यूटी के पिताजी को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. पिछले लॉकडाउन के समय वे अपनी बेटी को पौष्टिक आहार तक नहीं दे पा रहे थे जिससे वह कमजोर होते जा रही थी. इससे वे काफी चिंतित थे. ब्यूटी भी अपने पिता के अरमान को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करती रहती थी और समय-समय पर दूसरे के खेतों में भी धान रोपनी वैगरह कर रही थी. लेकिन आज इंडियन ऑयल में नौकरी मिलने के बाद ब्यूटी भी काफी खुश हैं और उसके पिताजी भी काफी खुश हैं. उन्होंने ब्यूटी को सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया है.

    ब्यूटी के साथ दो और खिलाड़ियों को मिल नियुक्ति पत्र

    ब्यूटी अभी इंडिया कैंप में बेंगलुरु में हैं और नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उसने हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी को फोन कर बताया कि सर मुझे नौकरी मिल गई है. आज मैं काफी खुश हूं और ज्यादा मेहनत करूंगी और सीनियर टीम में जाने का प्रयास करूंगी. ब्यूटी के साथ जूनियर इंडिया टीम में शामिल दो और हॉकी खिलाड़ी मुमताज खान एवं अजमीना को भी नियुक्ति पत्र मिला है. ब्यूटी को नियुक्ति मिलने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानथ सिंह सहित हॉकी झारखंड एवं हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, कमलेश मांझी, पंखरासियू टोप्पो, प्रतिमा बरवा, सुनील तिर्की, फादर पौलूस बागे, फादर बेनेदिक कुजुर, टिंटुस बड़ा, सहित हॉकी सिमडेगा के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है.

    रिपोर्ट : अमित रंजन, सिमडेगा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news