रेलवे स्टेशनों पर अब फूड आयट्म्स के साथ मिलेगा सेनेटरी पैड भी


कोडरमा (KODARMA) : रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. कोडरमा जंक्शन पर एक ही स्टॉल पर सेनेटरी पैड के साथ किताबें और पैक्ड खाना की भी सामग्री मिल जाएगी. धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के अधीनस्थ कई स्टेशनों पर इसके लिए स्वीकृति भी दी है. नई व्यवस्था के तहत प्रथम चरण में कोडरमा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर एएच व्हीलर के बुक स्टॉल पर मल्टीपर्पज स्टॉल खोलने की तैयारी की जा रही है. इस स्टॉल पर खाने-पीने की पैक्ड सामग्री के साथ मास्क, सैनिटाइजर, रुमाल, पेस्ट, ब्रश, गर्म पानी, दूध और पत्रिकाएं भी मिल जाएगी. कोडरमा स्टेशन के सीटीआई अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि एएच व्हीलर के अलावा गायत्री शक्ति पीठ के द्वारा संचालित बुक स्टॉल को भी मल्टीपरपज स्टॉल की स्वीकृति के लिए भेजा गया है.
कम हो गया बुक स्टॉल पर रुझान
धनबाद रेल मंडल के कोडरमा, गोमो, धनबाद सहित कई स्टेशनों पर बुक स्टॉलो पर यात्रियों का रुझान कम होने से एएच व्हीलर ने रेलवे बोर्ड के सहयोग से मल्टीपर्पज स्टॉल खोलने का निर्णय लिया है. अब एएच व्हीलर पेपर और किताबों के अलावा लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध करा पाएगा.
रिटायरिंग रूम भी दिया जा रहा है आइआरसीटीसी को
कोडरमा सहित धनबाद रेल मंडल के कई पूछताछ काउंटर को निजी हाथों में सौंपने के बाद रिटायरिंग रूम को भी आईआरसीटीसी को सोपने की तैयारी की जा रही है. रेलवे पीपी मॉडल पर विकसित करने के लिए कई स्टेशनों एवं ट्रेनों की बोगियों को भी प्राइवेट कंपनी को सौंपने की तैयारी कर रही है. धनबाद रेल मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक अखिलेश कुमार पांडे ने दूरभाष पर बताया कि रेलवे रिटायरिंग रूम को और बेहतर करने के लिए आईआरसीटीसी को देगी. वर्तमान में ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा के साथ-साथ संबंधित स्टेशन पर भी बुकिंग की सुविधा मिल रही है.
आरक्षण कार्यालय के काउंटरों की संख्या घटाई जाएगी
रेलवे स्टेशन के आरक्षण कार्यालय में टिकट काउंटरों की संख्या घटाने की योजना है. इसमें टिकटों की बुकिंग के साथ वापस भी की जाएगी. कोडरमा जंक्शन पर तीन काउंटर संचालित हो रहे हैं. जिसमें एक काउंटर सुबह 8:00 बजे से 2:00 बजे तक की संचालित होता है. धनबाद रेल मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक एके पांडेय ने दूरभाष पर बताया कि जिस स्टेशन पर 75 रिजर्वेशन से कम टिकट की बिक्री होती है वैसे स्टेशनों पर जहां अधिक काउंटर है, वहां काउंटरों की संख्या घटाई जाएगी. बताते चलें कि कोरोना काल के दौरान एक जून 2020 से ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ और ऐसे में लोग ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग कराने लगे ऐसे में काउंटर पर सिर्फ वेटिंग टिकट लेने वाले ही पहुंच रहे हैं. रेल कर्मियों को भी पास में ऑनलाइन टिकट बुक किए जा रहा है. ऐसे में काउंटरों की उपयोगिता घट रही है. बताते चलें 90% यात्री वेबसाइट से ही टिकट बुक करवा रहे हैं. इसमें इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट पर टिकट बुक हो रही है.
रिपोर्ट : अमित कुमार, झुमरी तिलैया
4+