पलामू में धान खरीद लक्ष्य से पीछे, उपायुक्त ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने का दिया निर्देश


पलामू(PALAMU): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन ने धान खरीद मामले की समीक्षा की. इस दौरान बताया गया कि जिले में 8 लाख 50 हजार लक्ष्य के विरुद्ध 6 लाख 78 हजार क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की गयी है, जो लक्ष्य का 80 प्रतिशत है. प्राप्त किये गये धान में से 1 लाख 68 हजार क्विंटल धान का उठाव करा दिया गया है. वर्तमान में 13 राइस मिलर्स के माध्यम से प्राप्त किये गये धान की मिलिंग कराई जा रही है. मिलरों द्वारा भारतीय खाद निगम को सीएमआर उपलब्ध कराया जाता है. इसके विरूद्ध उन्हें पैक्स से समतुल्य धान की मात्रा का उठाव पैक्स से कराया जाता है. राइस मिलरों द्वारा माह फरवरी 2022 तक 114 लॉट, मार्च में 285 लॉट, व अप्रैल में 87 लॉट एडवांस सीएमआर दिया गया है.
बड़ी संख्या में किया जा रहा है सीएमआर लॉट को रिजेक्ट : राइस मिलर्स
बैठक में राइस मिलरों के द्वारा बताया गया कि भारतीय खाद निगम द्वारा चावल प्राप्त करने में बड़ी कठिनाई उत्पन्न किया जा रहा है. बड़ी संख्या में सीएमआर लॉट को रिजेक्ट किया जा रहा है. राइस मिलरों ने उपायुक्त को बताया कि सीएमआर लोडेड ट्रक को बेवजह 8 से 10 दिनों खड़ा कर दिया जा रहा है. इसके बाद लॉट को रिजेक्ट कर दिया जा रहा है. जिसके कारण उन्हें काफी बड़ी राशि का नुकसान उठाना पड़ रहा है. मिलरों ने कहा कि भारतीय खाद निगम द्वारा अनावश्यक कारणों से कार्य में चावल प्राप्त कराने में कठिनाई उत्पन्न की जा रही है. उपायुक्त ने समीक्षा के क्रम में पाया कि विगत माह 285 लॉट सीएमआर प्राप्त किया गया है. परंतु अप्रैल माह में वर्तमान क्षेत्र प्रबंधक की योगदान के पश्चात से लगातार चावल प्राप्त कराने में कमी आयी है. इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस वर्ष काफी बड़ी मात्रा में धान की खरीदारी की गयी है और भारतीय खाद निगम के असहयोग के कारण धान समय पर उठाव नहीं कराया जा रहा है. जिससे ग्रामीण किसानों को नुकसान होगा.
कार्य में तेजी लाए अधिकारी
उपायुक्त ने कहा कि भारतीय खाद निगम जिस रफ्तार से धान प्राप्त कर रही है. उसके मुताबिक तो धान की अधिप्राप्ति में एक वर्ष लग जायेगा. उन्होंने भारतीय खाद निगम के अधिकारियों को इस कार्य में तेजी लाने की बात कही. उपायुक्त ने हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी को अपनी निगरानी में जपला डिपो में चावल प्राप्त कराने संबंधी कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने की बात कही. उन्होंने भारतीय खाद निगम के प्रतिनिधियों से बगैर समिति के अनुमोदन के किसी भी मिलर के चावल को रिजेक्ट ना करने की बात कही. मौके पर डीएसओ शब्बीर अहमद, सहकारिता पदाधिकारी अश्वनी ओझा, विभिन्न राइस मिलर समेत पैक्स संचालक उपस्थित थे.
रिपोर्ट: अमन प्रताप सिंह, पलामू
4+