पंचायत चुनाव : हुई ट्रेनिंग ताकि सलीके से चुनी जाए गांव की सरकार


लातेहार (LATEHAR) : पंचायत चुनाव को लेकर सूबे में गतिविधियां तेज हो गई है. समाहरणालय सभागार में निर्वाची पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को शनिवार को पंचायत चुनाव से सम्बंधित विभिन्न बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया गया. इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी विन्देश्वरी ततमा ने कहा कि निर्वाचन कार्य में निर्वाची पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने कहा निर्वाची पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी प्रशिक्षण में निर्वाचन से सम्बंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को अच्छी तरह से समझ कर बिना किसी त्रुटि के निर्वाचन कार्य संपन्न कराएं. आगे उन्होंने नाम- निर्देशन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया के बारे में निर्वाची पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी को जानकारी दी.
ये हुए शरीक
उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लांग ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रियाओं के विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया नाम निर्देशन के लिए अभ्यर्थी अधिकतम दो प्रति में नॉमिनेशन फॉर्म जमा कर सकता है. उन्होंने नाम निर्देशन के लिए नॉमिनेशन फॉर्म के साथ आवश्यक दस्तावेजों के बारे विस्तारपूर्वक जानकारी दी. प्रशिक्षण में अपर समाहर्ता आलोक शिकारी कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार शेखर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ नीत निखिल सुरीन, विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी पदाधिकारी, सहित निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी शरीक हुए.
रिपोर्ट : अमन प्रताप सिंह, पलामू
4+