लातेहार(LATEHAR): पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना पर सदर थाना पुलिस ने केंदवाही गांव से ट्रांसमिशन में लगाए गए टावरों से बिजली की तार व स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. सदर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि विगत कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि लातेहार व चंदवा थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सरकार के द्वारा बिजली के ट्रांसमिशन के लिए लगाए गए टावरों से बिजली की तार व स्क्रैप की चोरी हो रही है. इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देशानुसार लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की रात भूसुर- केंदवाही में छापामारी कर बिजली तार चोर गिरोह के छह अपरधियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है. उन्होंने आगे बताया कि इनके पास से 407 वाहन में लदे लगभग 3 टन बिजली का तार एवं स्क्रैप के अलावे एक बोलेरो वाहन व छह मोबाइल फोन बरामद किया गया है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
कई सामान बरामद
गिरफ्तार अपराधियों में बोहिता लेस्लीगंज,पलामू निवासी जितेंद्र साहू, लातेहार के तुरीडीह निवासी भोला यादव उर्फ उमेश यादव,लातेहार निन्दिर निवासी मनोज यादव उर्फ भरत यादव, निन्दिर निवासी दिनेश यादव,लातेहार कुदग निवासी उपेंद्र कुमार सिंह, लातेहार के निन्दिर निवासी व गुलाम सरवर अंसारी शामिल है. पुलिस ने इनके पास से एक 407 वाहन जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH03S 9242 वाहन में लदे 03 टन बिजली का तार व स्क्रैप एक बोलेरो वाहन जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH03AB 580706 मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार भोला यादव उर्फ भरत यादव का अपराधिक इतिहास रहा है. इस पर लातेहार सदर थाने में एक मामला दर्ज है. छापेमारी दल में एसआई अजय कुमार,रोहित कुमार,सअनि बलराम चौधरी व सशस्त्र बल शामिल थे.
Thenewspost - Jharkhand
4+

