जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : जमशेदपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मानगो स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड सड़क का जीर्णोद्धार होगा. सड़क के जीर्णोद्धार को लेकर आज जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक व झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सड़क की आधारशिला रखी. सड़क निर्माण के साथ लाइटिंग और नाली का निर्माण भी सड़क किनारे किया जाएगा ताकि सड़क की लाइफ बढ़ सके .
सड़क बनने के साथ क्षेत्र का होगा विकास
मंत्री बन्ना गुप्ता ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जब वे इस सड़क से गुजरते थे, सड़क की दुर्दशा देख कर उन्हें मन में काफी वेदना ओर पीड़ा होती थी. ये सड़क काफी जर्जर अवस्था में हो गई थी, लेकिन एक बार फिर इस सड़क का सौंदर्यकरण और पक्कीकरण होने जा रहा है. उन्होंने बताया कि 3 करोड़ 66 लाख की लागत से साढ़े 3 किलोमीटर सड़क बनेगी. साथ ही कहा कि जिस तरह ओल्ड पुरुलिया रोड चौड़ा करने के बाद लगातार विकास होने लगा उसी तरह ये सड़क बनने के बाद यहाँ के लोगों को और भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का विकास होगा.
बन्ना गुप्ता ने कहा कि बहुत जल्द इस इलाके में स्कूल का निर्माण कार्य भी किया जाएगा ताकि इंग्लिश मीडियम स्कूल के लिए मानगो के बच्चों को जमशेदपुर नहीं जाना पड़े और इस विषय पर जुस्को से बात भी चल रही है.
आधारशिला कार्यक्रम में काफी संख्या में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे. वहीं मानगो नोटिफाइड एरिया के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
Thenewspost - Jharkhand
4+

