पुलिस की रेकी कर रहा था भाकपा माओवादी संगठन का नक्सली, धराया


चाईबासा (CHAIBASA) : चाईबासा जिले के टेबो थाना क्षेत्र में पुलिस की गतिविधियों की रेकी कर रहे प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के एक नक्सली को पश्चिमी सिंहभूम की पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. इस संबंध में शुक्रवार को जिले के सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कपिल चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को जानकारी दी.
पुलिस पदाधिकारी ने दी मामले की पूरी जानकारी
कपिल चौधरी ने बताया कि टेबो थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के कुछ सदस्यों के भ्रमणशील रहने के साथ ही पुलिस की रेकी करने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. जिसके बाद एएसपी के निर्देश पर टेबो थाना में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के क्रम में टीम द्वारा टेबो थाना क्षेत्र के साईकाटा जाने वाली सड़क से भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य टेबो थाना क्षेत्र के टोला उलीलोर निवासी गोला पूर्ति उर्फ नोलू पूर्ति (25) को गिरफ्तार किया है.
पकड़े गए नक्सली के पहले भी रहे कई अपराध
एएसपी ने बताया कि गोला पूर्ति उर्फ नोलू पूर्ती का पहले भी भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सोनुवा थाना में तीन, कराईकेला थाना में दो, जबकि गुदड़ी एवं टेबो थाना में एक-एक मामले दर्ज हैं. छापेमारी टीम में टेबो थाना प्रभारी बीरबल हेम्ब्रम, एएसआई प्रवीण सिंह चौधरी समेत टेबो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
रिपोर्ट : अविनाश कुमार, चाईबासा
4+