बोकारो (BOKARO) : बोकारो जिले के गोमिया पंचायत की दर्जनों महिलाओं ने गुरुवार को गोमिया थाना परिसर में जमा होकर पानी की समस्या पर जम कर बवाल काटा. इस दौरान महिलाओं ने मुखिया और मुखिया पति के खिलाफ नारेबाजी भी की. महिलाओं का कहना है कि मुखिया की मनमानी की वजह से हम ग्रामीणों को पानी के लिए त्राहिमाम होना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि गोमिया में पानी की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है. लेकिन पंचायत प्रतिनिधि इसको गंभीरता से नहीं लेकर सिर्फ राजनीतिक रोटी सेक रहे हैं.
पैसे वसूली का आरोप
महिलाओं ने आरोप लगाया मुखिया पति के द्वारा अनुचित तरीके से दो-दो सौ की मांग की जा रही है, जो गलत है. महिलाओं ने कहा कि अगर जल्द पानी की समस्या का निदान नहीं किया गया तो सैकड़ों की संख्या में महिलाएं डेगची बाल्टी लेकर सड़क पर उतर जाएंगी. हंगामा करती महिलाओं को गोमिया पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया.
10 दिन में पानी की समस्या से मुक्ति का भरोसा
इस संबंध में मुखिया पति दुलाल प्रसाद ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि 10 दिन के अंदर पानी की समस्या का निदान किया जाएगा. बता दें कि इसी पंचायत के अंतर्गत आने वाले गोमिया थाना परिसर में भी बीते 4 दिन से पानी की किल्लत है. पुलिस जवानों सहित अधिकारियों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है. वहीं कई अधिकारियों ने अपना नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि पानी नहीं रहने के कारण नहाने धोने में भी दिक्कतें आ रही है.
रिपोर्ट : संजय शर्मा, गोमियो, बोकारो
Thenewspost - Jharkhand
4+

