जमशेदपुर में सिटी एसपी का पद खाली, बेखौफ अपराधी , दिनदहाड़े वृद्धा के गले से झपट ली चेन


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : शायद ही किसी ने कभी सुना होगा कि रामनवमी के ऐन पहले वरीय पुलिस पदाधिकारियों का ट्रांसफर हो जाए और खाली पदों पर कोई और न आए. जमशेदपुर जैसे संवेदनशील औद्योगिक शहर में ऐसा ही हो रहा है जहां रामनवमी के ऐन पहले सिटी एसपी का ट्रांसफर हो गया है और किसी अन्य को यहां सरकार ने अब तक नहीं भेजा है. इस बीच अपराध का तांडव यहां जारी है. कोई ऐसा दिन नहीं जब महिलाओं से छिनतई नहीं होती है. ताज़ा घटना मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र की है जहां सर्वोदय पथ निवासी 70 वर्षीय वृद्धा स्वर्णा दास से अपराधियों ने न सिर्फ गले की चेन छीनी बल्कि संघर्ष कर रही वृद्धा का गला भी दबाने की कोशिश की गई. वृद्धा के गले में चोट लगी है. घटना की सूचना लोगों ने पीसीआर और 100 नंबर पर दी. इसके बाद पुलिस ने वृद्धा का बयान लिया.
वृद्धा को गिराया और फिर चेन छीन लिया
स्वर्णा दास एक और महिला के साथ सुबह टहलने निकली थी. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता संजय सिंह ने बताया कि वृद्धा अपने घर सर्वोदय पथ से कुछ ही दूर गईं होंगी कि बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गिरा दिया और गले से चेन छीन लिए. वृद्धा ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो अपराधियों ने गला दबाने की कोशिश की, फिर लोगों की भीड़ जुटने के डर से भाग गए. लेकिन जिस तरह का दुस्साहस अपराधियों ने दिन दहाड़े दिखाया उससे स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं. लोगों ने कहा कि जमशेदपुर में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. वृद्धा ने हाथ में भी सोने का कड़ा पहन रखा था जिस पर भी अपराधी हाथ डाल सकते थे. लोगों ने कहा कि अब चेन छीनते छीनते अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे गला भी दबाने की कोशिश कर रहे हैं.
रिपोर्ट : अन्नी अमृता, ब्यूरो हेड, जमशेदपुर
4+