निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचना एक दुकानदार को पड़ा महंगा, दुकान सील, 4 कर्मी हिरासत में

    निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचना एक दुकानदार को पड़ा महंगा,  दुकान सील, 4 कर्मी हिरासत में

    दुमका(DUMKA): शुक्रवार की रात दुमका शहर के स्वामी विवेकानंद चौक स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त विदेशी शराब दुकान को जिला प्रशासन ने सील कर दिया. जबकि 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. आरोप है कि दुकानदार द्वारा निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचा जा रहा था.

    यह है मामला

    दरअसल डीसी रविशंकर शुक्ला को बार बार शिकायत मिल रही थी कि जिले में अनुज्ञप्ति प्राप्त विदेशी शराब की दुकान में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है. शुक्रवार शाम भी किसी व्यक्ति ने डीसी को इसकी शिकायत की. शिकायत मिलने पर देर शाम डीसी ने  ग्राहक बनकर अपने एक कर्मी को शराब की खरीददारी करने भेजा. क्षद्म ग्राहक विवेकानंद चौक स्थित संजय कुमार राय के नाम से आवंटित दुकान पहुंचे. दुकानदार द्वारा उनसे भी अधिक कीमत वसूला गया. पुष्टि होने के बाद डीसी ने एसडीओ महेश्वर महतो को दुकान सील करने का निर्देश दिया निर्देश मिलते ही नगर थाना की पुलिस के साथ एसडीओ दुकान पहुंचे और दुकान में शराब बेच रहे चारों कर्मी को हिरासत में लिया. दुकान को सील कर हिरासत में लिए गए कर्मी से पूछताछ जारी है. एसडीओ ने बताया कि काफी समय से शिकायत मिल रही थी जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि निर्धारित कीमत से अधिक रुपया वसूलना कानूनन जुर्म है. विभिन्न धाराओं के तहत नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

    रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news