जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): सत्र 2020- 2022 के बीएड पाठ्यक्रम के वर्ष 2020-21 और 2021-22 की राशि का भुगतान नहीं होने से आक्रोशित छात्रों ने छात्रवृत्ति अधिकार मंच के बैनर तले बुधवार को जमशेदपुर जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया. जिले के उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा. इसके माध्यम से मंच के सदस्यों ने बताया, कि वर्ष 2020- 21 और 2021- 22 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन के 1 महीने बीत जाने के बाद भी अब तक छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान नहीं किया गया है.
छात्र बीएड की पढ़ाई के लिए ई- कल्याण से मिलने वाली छात्रवृत्ति पर निर्भर
महाविद्यालयों द्वारा फीस जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. हजारों छात्र अपनी बीएड की पढ़ाई के लिए ई- कल्याण से मिलने वाली छात्रवृत्ति पर ही निर्भर है. लेकिन छात्रवृत्ति की राशि अब तक नहीं मिलने और महाविद्यालयों द्वारा फीस जमा किए जाने के दबाब से प्रभावित सभी छात्र मानसिक रूप से ग्रस्त हो रहे हैं व चिंतित हैं. मंच ने उपायुक्त से अविलंब एक सप्ताह के अंतर्गत सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण कर भुगतान करने की प्रक्रिया को शुरू करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार नहीं किया जाता है, तो छात्र- छात्राएं पुन: आंदोलन के लिए विवश हो जाएंगे.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
Thenewspost - Jharkhand
4+

