BREAKING: सिंदरी के हर्ल प्रोजेक्ट में एक श्रमिक की मौत, विरोध में श्रमिकों ने किया गेट जाम


धनबाद(धनबाद): हर्ल सिन्दरी प्रोजेक्ट में भौंरा गौरखूंटी निवासी ओमप्रकाश विश्वकर्मा के छोटे पुत्र 45 वर्षीय युवक इलेक्ट्रीशियन राजू विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत से श्रमिकों में भगदड़ मच गई. बॉयलर नं 2 के गैस टर्बाइन जेनरेटर नं 2 के चालू होने से हवा के तेज खिंचाव में मौत होने की बात मृतक के साथी आनंद ने बताई है.
इलेक्ट्रिशियन राजू की मौत के बाद श्रमिकों ने हर्ल के दोनों गेट को जाम कर दिया. मृतक के सहकर्मी आनंद ने बताया कि हर्ल प्रोजेक्ट के कैंटीन के समीप बॉयलर नं 2 के समीप केनोपी लगाने के क्रम में गैस टर्बाइन जेनरेटर नंबर 2 के अचानक शुरू होते ही हवा का खिंचाव हुआ. इससे राजू विश्वकर्मा का कपड़ा खींचता चला गया और राजू का शरीर पूरी तरह पीछे की ओर मुड़ गया. इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. राजू के भाई महादेव विश्वकर्मा ने बताया कि घटना की सूचना प्रबंधन के द्वारा नहीं दी गई है. हालांकि इसको लेकर समाचार लिखे जाने तक हर्ल मुख्य द्वार पर झामुमो के बैनर तले श्रमिकों का जमावड़ा लगा रहा और गेट जाम कर दिया गया. हर्ल ग्रुप महाप्रबंधक कामेश्वर झा ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है. घायल को धनबाद एशियन जालान अस्पताल भेजा गया है.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+