रेल प्रशासन ने अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध की कार्रवाई, अवैध निर्माण को किया गया ध्वस्त


देवघर(DEOGHAR): पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के रेल प्रशासन ने आज बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित रेलवे की जमीन पर की गई अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई की है. बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित होलीडे होम के निकट, बंगलों सं.20 के निकट और समपार फाटक सं.6 के निकट अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा लगभग छह अनाधिकृत निर्माण किए गए थे और उन पर कब्जा किया गया था. उन्हें खाली कराने को लेकर अनाधिकृत कब्जा धारकों को सेक्शन-IV एवं V के तहत नोटिस दिया गया था.
डीआरएम ने दिया था कार्रवाई करने का निर्देश
इस संबंध में आसनसोल के डीआरएम परमानंद शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. तद्नुसार, आसनसोल मंडल के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा रेलवे सुरक्षा बल के साथ उक्त निर्माणों को ध्वस्त/खाली करा दिया गया है. इस खाली कराए जाने का अभियान शांतिपूर्ण रहा क्योंकि रेलवे सुरक्षा बल ने इस अभियान को लेकर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त उपाय कर रखा था.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
4+