स्कूल कैंपस में अड्डेबाजी करते तीन युवक गिरफ्तार, छात्रों और शिक्षकों से करते थे गाली-गलौज


पलामू (PALAMU) : शहर थाना टीओपी-1 के टाइगर मोबाइल के जवानों ने जिला स्कूल में अड्डाबाजी करने, शराब पीने और शिक्षक तथा छात्रों के साथ गाली-गलौज करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों में दो गौरव शुक्ला तथा राहुल कुमार शुक्ला सदर थाना के सिंगरा खुर्द गांव के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा युवक जोगन पांडेय पाटन थाना के गंगतुआ गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार टीओपी एक के प्रभारी ने टाइगर मोबाइल के जवान को जिला स्कूल के एक रूम में बैठकर कुछ लोगों द्वारा शराब पीने तथा वहां चल रहे सुपर 30 प्रोग्राम के क्लास के छात्रों एवं शिक्षकों के साथ बदतमीजी करने की सूचना दी थी.
पुलिस जवानों के साथ भी की बदतमीजी
इस सूचना पर जब एक जवान वहां पहुंचा तो वहां तीन लोगों को शराब के नशे में पाया. तीनों ने अकेला देखकर उस जवान के साथ भी बदतमीजी करने की कोशिश की. इसी बीच दो और जवान वहां पहुंच गये. इसके बाद तीनों भागने लगे. तीनों को दौड़ाकर पुलिस के जवानों ने पकड़ लिया. इस संबंध में तीनों के खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज किया गया है.
रिपोर्ट : जफ़र महबूब, मेदिनीनगर(पलामू)
4+