विश्व क्षय रोग दिवस : सम्मानित किए गए टीबी से जंग जीतने वाले योद्धा

    विश्व क्षय रोग दिवस : सम्मानित किए गए टीबी से जंग जीतने वाले योद्धा

    गुमला (GUMLA) : विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित डिस्ट्रिक्ट टीबी सेंटर के प्रांगण में जिलास्तरीय टीबी जागरूकता सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर टीबी से जंग जीतने वाले योद्धा सम्मानित किए गए. उन्होंने मौजूद लोगों को अपने अनुभव से भी वाकिफ कराया.

    सहिया की सराहना

    उपायुक्त गुमला सुशांत गौरव ने  क्षय रोग से मुक्त होने वाले व्यक्तियों की सेवा में निरंतर अपना योगदान देने वाली सहिया बहनों की मेहनत की सराहना की.  टीबी चैम्पियंस को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी से मुक्त होने वाले सभी व्यक्ति हकीकत में चैम्पियंस हैं, जिन्होंने ये साबित कर दिखाया है कि क्षय रोग लाइलाज बीमारी नहीं. उन्होंने आगे कहा कि टीबी से ग्रसित व्यक्तियों को चिन्हित करना अति आवश्यक है. लेकिन टीबी के इलाज से आज भी लोग घबराते हैं. ऐसी परिस्थिति में सभी स्वास्थ्य कर्मियों और मीडिया के प्रतिनिधियों से अपील है कि टीबी से प्रभावित व्यक्तियों को टीबी के इलाज के लिए प्रोत्साहित करें. 

    अनुभवों को किया साझा

    इससे पूर्व क्षय रोग (एमडीआर) को मात देने वाली सदर प्रखंड के पीबो पंचायत स्थित जमगाई ग्राम निवासीटीबी चैम्पियन शकुंतला देवी ने क्षय रोग से उबरने के अनुभवों को साझा किया. साथ ही अन्य क्षय रोग से ग्रसित व्यक्तियों को भी आगे आकर अपना इलाज कराने के लिए प्रेरित किया. समारोह में विगत 01 सितंबर 2022 से 01 नवंबर 2021 तक जिले में चलाए गए सघन टीबी रोगी खोज अभियान (एसीएफ) के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, एएनएम, सहिया, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, टीबी रोग से मुक्त होने वाले टीबी चैम्पियन्स तथा सभी विद्यालयों में क्षय रोग विषय पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त, नगर परिषद अध्यक्ष दीपनाराण उरांव, उप विकास आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप द्वारा मेमेंटो, प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.

    रिपोर्ट : सुशील कुमार सिंह, गुमला


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news