दुमका की राजनीतिक पर चढ़ा होली का रंग, गुलाल उड़ाते नजर आए बसंत सोरेन, लुईस मरांडी


दुमका (DUMKA) - उपराजधानी दुमका पूरी तरह से होली के रंग में रंगने लगी है. विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन जारी है. इसी कड़ी में भाजपा और झामुमो द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. पूर्व मंत्री लुईस मरांडी के हथिया पाथर स्थित आवासीय परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया जहां काफी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शरीक हुए. पूर्व मंत्री लुईस मरांडी ने अबीर गुलाल लगाकर लोगों को होली की शुभकामनाएं दी. इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा के सदस्यों के साथ पूर्व मंत्री लुईस मरांडी यूपी सहित चार राज्यों में भाजपा की जीत पर बनाए गए गीत के बोल पर थिरकते नजर आए. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में झारखंड में भी भगवा लहराएगा. उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी.
ऑफिसर्स क्लब में झामुमो द्वारा होली मिलन समारोह
वहीं ऑफिसर्स क्लब में झामुमो द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें विधायक बसंत सोरेन के साथ जिले के वरीय पदाधिकारी एवं झामुमो नेता कार्यकर्ता शामिल हुए. होली के गीत पर जमकर ठुमके लगे. अबीर गुलाल उड़ाए गए. विधायक बसंत सोरेन ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि 2 वर्ष से कोरोना के कारण होली का रंग फीका हो रहा था लेकिन इस वर्ष हालात सामान्य हैं. लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का त्यौहार मनाएं.
रिपोर्ट : पंचम झा, दुमका
4+