वायरल वीडिया इफेक्ट : पद से हटाए गए पलामू जिला के मत्स्य पदाधिकारी

    वायरल वीडिया इफेक्ट : पद से हटाए गए  पलामू जिला के मत्स्य पदाधिकारी

    पलामू (PALAMU) :  मत्स्य पदाधिकारी विरेन्द्र कुमार बिन्हा को निलंबित कर दिया गया है. मत्स्य पदाधिकारी के निलंबन से संबंधित पत्र जारी किया गया है. राज्यपाल के आदेश से कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अपर निदेशक सह अपर सचिव अंजनी कुमार ने निलंबन की कार्रवाई की है. बताते चलें कि मत्स्य पदाधिकारी विरेन्द्र कुमार बिन्हा के द्वारा कार्यालय कक्ष में सरकारी योजनाओं की स्वीकृति और भुगतान के एवज में लाभार्थियों से नकद राशि लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था.

    यूथ कांग्रेस ने की थी शिकायत  

    इससे संबंधित शिकायत भारतीय युवा कांग्रेस के पलामू जिला उपाध्यक्ष मणिकांत सिंह और कांग्रेस सहकारिता विभाग के चेयरमैन राहुल सिंह ने की थी. दोनों युवा नेताओं ने कहा था कि शिकायत के बाद भी जिले के अधिकारियों के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी. दोनों ने 12 मार्च से आंदोलन की चेतावनी दी थी. मामले में मंत्री बादल पत्रलेख ने संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए जिला मत्स्य पदाधिकारी को सस्पेंड कर दिया.

    वायरल वीडियो की जांच में पाया गया दोषी  

    अपर निदेशक सह अपर सचिव के पत्र में कहा गया है कि वायरल वीडियो राज्य सरकार को उपलब्ध कराया गया था. इस प्रसंग में वीडियो एवं पूरे प्रकरण की जांच की गयी तो स्पष्ट हुआ कि मत्स्य पदाधिकारी द्वारा सरकारी योजनाओं में स्वीकृति-भुगतान के लिए अवैध रूप से राशि ली गयी थी. ऐसे में उनके खिलाफ झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 की कंडिका 9.1 के आलोक में निलंबन की कार्रवाई की गयी. मत्स्य पदाधिकारी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने का निर्णय अलग से लिया जायेगा.

    रिपोर्ट : जफर महबूब, पलामू


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news