बाइक सवार कंपाउंडर को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत


धनबाद(DHANBAD)- गोविंदपुर जीटी रोड ठाकुरबाड़ी क्रॉसिंग पर शुक्रवार की रात एक सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय कंपाउंडर सलीम अंसारी की मौत हो गई. सलीम अपर बाजार की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे थे. ठाकुरबाड़ी क्रॉसिंग पर टर्न लेने के दौरान 16 चक्का ट्रक संख्या आरजे 06 जीसी/2452 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि सलीम हेलमेट पहने हुए थे, परंतु ट्रक ने इस तरह कुचला कि हेलमेट समेत उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक गोविंदपुर थाना अंतर्गत बांधडीह गांव के निवासी थे और धनबाद में डॉ. विभास सहाय के यहां कंपाउंडर का काम करते थे. डॉ. एके सहाय के साथ भी काम कर चुके थे. काम के बाद घर लौटने के दौरान घटना घटी. परिवार में 6 बेटियां और एक बेटा है. पांच बेटियों की शादी हो चुकी है. घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस पहुंची और शव और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+