22 माह के इंतजार के बाद स्कूल खुलते ही छात्रों के चेहरे पर खिली मुस्कान


गुमला (GUMLA) जिला में लम्बे समय बाद एक बार फिर से स्कूलों में नन्हें मासूम को पढ़ाई करते हुए देखा जा सकता है. जिससे स्कूलों में रौनक लौट आई है. स्कूल प्रबंधन ने भी सरकार द्वारा स्कूल खोलने का स्वागत किया है. राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण कम होते ही सूबे के 7 जिलों को छोड़ बाकी सभी जिलों में क्लास 1 से लेकर 12 तक कि क्लास शुरू कर दी है. इसमें गुमला जिला भी शामिल है. लगभग दो साल के कालखंड के बाद गुमला जिला के स्कूलों की रौनक एक बार फिर से वापस आई है. इसको लेकर स्कूल परिसर में काफी खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है. जिला के स्कूलों में रौनक बढ़ने के साथ ही बच्चों के चेहरे पर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है. विद्यालय के प्रिंसिपल की माने तो सरकार ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए सही निर्णय लिया है. लेकिन इसके बाद भी उन लोगों द्वारा कोरोना को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है.
स्कूल खुलने के इन्तजार में थे बच्चे
वहीं लंबे समय से स्कूल से दूर रहे छात्र-छात्राएं भी स्कूल में आकर काफी खुशी महसूस कर रहे हैं. उनकी माने तो सरकार का फैसला काफी सही है. उनको भी बहुत दिनों से स्कूल के खुलने का इन्तजार था. वहीं बच्चों ने स्कूल प्रबंधन द्वारा कोरोना को लेकर विशेष सावधानी बरते जाने पर खुशी व्यक्त की है. कोरोना के कारण स्कूल बंद होने से जहां बच्चों की पढ़ाई बाधित रही, वहीं स्कूलों की स्थिति भी खराब हो रही थी. लेकिन पूरी सतर्कता बरतते हुए सरकार द्वारा स्कूलों को खोलने का निर्णय वास्तव में काफी सही है. इससे बच्चों का भविष्य बेहतर हो पायेगा.
रिपोर्ट : सुशील कुमार सिंह, गुमला
4+