शरारती तत्वों ने छह दुकानों में लगाई आग, लाखों का हुआ नुकसान


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) - सोनारी एयरपोर्ट के पास शनिवार की देर रात शरारती तत्वों ने 6 दुकानों में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया. जिससे वहां के सभी दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गए. बता दें कि बदमाशों ने चार कपड़े, एक जूता-चप्पल और एक हांडी की दुकान में आग लगाई. आग लगने से दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ है. सूचना पर दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. तब तक दुकान का सारा सामान जल कर राख हो चुका था. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. मौके पर मौजूद दुकानदारों ने पुलिस से शरारती तत्वों पर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं दुकानदारों द्वारा थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है.
इन दुकानदारों के दुकान में लगी आग
अरूणा देवी की चप्पल-जूता की दुकान (नुकसान चार लाख), राकेश साहु की कपड़े दुकान (नुकसान 50 हजार), ललन रजक की कपड़े की दुकान (नुकसान 50 हजार), गोपाल महतो की कपड़े की दुकान (नुकसान 50 हजार), कमल प्रजापति की हांडी की दुकान (नुकसान 70 हजार) और महेंद्र प्रजापति की कपड़े की दुकान (नुकसान चार लाख) पुरी तरह से जल गई है. दुकानदार राकेश साहु ने बताया कि रात दो बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली. वे लोग मौके पर पहुंचे तो दुकान चारों तरफ से जल रहा था. उन्होंने बताया कि शरारती तत्वों ने एक-एक कर छह दुकानों में आग लगाई. अन्य दुकानदारों ने बताया कि शरारती तत्वों ने कुछ और दुकानों में आग लगाई थी लेकिन समय रहते उसे बुझा लिया गया. दुकानों में आग लगने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है.
थाना प्रभारी जांच में जुटे
मौके पर पहुंचे सोनारी थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि उन्हें दुकानों में आग लगने की सूचना मिली है. दमकल ने दुकानों में लगी आग को बुझाया. दुकानदारों का कहना है कि शरारती तत्वों ने दुकानों में आग लगाई है. हालांकि, आग लगाई गई है या खुद लगी है, इसकी जांच चल रही है.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर
4+