अब धनबाद की इन सड़कों पर चलना होगा आसान, अवैध गुमटियों को हटाने में जुटी निगम की मशीनरी

    अब धनबाद की इन सड़कों पर चलना होगा आसान, अवैध गुमटियों को हटाने में जुटी निगम की मशीनरी

    धनबाद(DHANBAD) - नगर निगम ने शहर की पुलिस लाइन में डीजीएमएस से लेकर आईएसएम गेट तक सड़क के दोनों किनारे अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया है. यह काम आंशिक रूप से कल से शुरू हुआ था जो शुक्रवार को पूरे उफान पर है. निगम के फूड इंस्पेक्टर अनिल कुमार की माने तो निगम ने सड़क के दोनों किनारे दुकानों का सर्वे पूरा कर लिया है. लगभग 30 से अधिक ऐसी गुमटियां मिली हैं, जिनके कोई दावेदार नहीं हैं.  

    जगह छेकने वाले पर होगी कार्रवाई

    इन गुमटियों में से कई को शहर के अन्य भाग में दुकान आवंटित हैं. जो लोग सामने नहीं आ रहे हैं, उनके निर्माण को जब्त किया जा रहा है. जिनके बारे में यह पता चलेगा कि उनके लिए दुकान कहीं आवंटित है, लेकिन वह गुमटी या अस्थाई निर्माण कर जगह छेके हुए हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि निगम ने यह योजना बनाई है कि सड़क के किनारे अब स्थाई या अस्थाई निर्माण नहीं रहेगा.

    ठेला लगाकर बेचना होगा सामान

      निगम के फूड इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि वेंडरों  को यह निर्देश रहेगा कि वे ठेला लगाएं और सामान बेचें. फिर दुकानदारी खत्म होने के बाद ठेला लेते जाएं. हो सकता है कि निगम रोज उन ठेले वालों से निर्धारित राशि लें. देखने वाली बात होगी कि निगम की यह योजना कितनी कारगर होती है. क्योंकि ऐसा हुआ तो सड़कें चौड़ी हो जाएंगी और जाम से कुछ हद तक लोगों को राहत मिलेगी. लेकिन यह सब कुछ निर्भर करता है कि यह अभियान आगे कितना कारगर रह पाएगा.

    रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह, ब्यूरो हेड, धनबाद


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news