बीआईटी मेसरा की जमीन संबंधी समस्या पर हुई चर्चा, 26 जनवरी के बाद से होगा बाउंड्री वाल निर्माण
.jpeg&w=3840&q=70)
.jpeg&w=3840&q=70)
रांची (RANCHI) : उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में 20 जनवरी 2022 को बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, मेसरा रांची की भूमि से संबंधित बैठक आयोजित की गई. बैठक में अपर समाहर्त्ता, रांची, उप समाहर्ता भूमि सुधार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी कांके एवं बीआईटी मेसरा के प्रतिनिधि उपस्थित थे. बैठक के दौरान उपायुक्त ने बीआईटी मेसरा के प्रतिनिधियों से संस्थान को प्राप्त भूमि की विस्तार से जानकारी ली. बीआईटी मेसरा के प्रतिनिधियों ने बताया कि कुल प्राप्त 779.08 एकड़ भूमि में से 729.08 एकड़ भूमि का म्यूटेशन हो गया है. भूमि नक्शा को देखते हुए उपायुक्त ने सीमांकन विवाद दूर करने और चहारदीवारी निर्माण को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
तीन मामलों का निष्पादन हो चुका
बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बीआईटी मेसरा को प्राप्त भूमि में सीमांकन विवाद दूर करने को लेकर रैयतों द्वारा पांच मामले दर्ज करवाए गए थे, जिनमें सुनवाई करते हुए तीन मामलों का निष्पादन अंचल अधिकारी कांके द्वारा किया जा चुका है. उपायुक्त ने शेष 2 मामलों में सुनवाई करते हुए एक सप्ताह के अंदर निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने सीओ कांके को अंचल कार्यालय से रिकॉर्ड मिलान करते हुए 2 एकड़ के अंतर पर भिन्नता दूर करने का निर्देश दिया.
चहारदीवारी निर्माण क्षेत्र की जानकारी दी
बैठक के दौरान भूमि नक्शा दिखाते हुए बीआईटी मेसरा के प्रतिनिधियों ने चहारदीवारी निर्माण क्षेत्र की जानकारी दी.उपायुक्त ने निर्विवादित भूखंड पर चहारदीवारी निर्माण कार्य शुरू कराए जाने का निर्देश दिया. उन्होंने बीआईटी मेसरा के प्रतिनिधियों को अंचलाधिकारी के साथ चहारदीवारी निर्माण कार्य 26 जनवरी के बाद शुरू कराने का निर्देश दिया. चहारदीवारी निर्माण कार्य के लिए उपायुक्त ने सीओ कांके को आवश्यक पुलिस बल की मांग करने का निर्देश देते हुए कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी, रांची दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करेंगे.
रिपोर्ट : रंजना कुमारी (रांची ब्यूरो )
4+