डायन बताकर महिला को किया जा रहा प्रताड़ित, परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

    डायन बताकर महिला को किया जा रहा प्रताड़ित, परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

    सरायकेला (SARAIKELA) - सरायकेला जिले में डायन बिसाही के नाम पर प्रताड़ना पर लगाम नहीं लग पा रही है. जिस सरायकेला की छुटनी महतो को डायन प्रताड़ना के खिलाफ संघर्ष के लिए पद्मश्री के सम्मान से सम्मानित किया गया है, उसी सरायकेला में डायन बिसाही के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला सरायकेला थाना के रंगामटिया गांव की बनेरडीह टोला का है. यहां 65 वर्षीय शांति देवी को डायन कह कर प्रताड़ित किया गया और उनके साथ मारपीट की गई. गांव के कुछ लोगों की प्रताड़ना से परेशान पीड़िता को उनका पुत्र दशरथ कालिंदी लेकर सरायकेला के एससी एसटी थाना पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई है.

    यह है मामला

    65 वर्षीय शांति देवी के पुत्र दशरथ कालिंदी ने बताया कि उनकी मां को कुछ लोगों द्वारा डायन कह कर प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि विवेक महतो के पिता काफी दिनों से बीमार हैं. ऐसे में उन सभी को यह लगता है कि उनकी मां के कारण ही वे बीमार हैं. ऐसे में विवेक महतो, उनकी मां निशा देवी और उनकी बहन फुल कुमारी देवी द्वारा गांव वालों को यह कहा जा रहा है कि शांति देवी के कारण उनके पिता बीमार हैं.  वह डायन बिसाही करके सारे गांव को खत्म कर देगी. इसलिए उसे मारपीट कर यहां से भगाना होगा.  बकौल दशरथ कालिंदी, इसको लेकर उन लोगों ने उनकी मां पर हमला भी किया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जल्द इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो. उधर इस पूरे मामले पर एससी एसटी थाना प्रभारी विजय कुमार यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और अनुसंधान जारी है. अभी पीड़िता की मेडिकल जांच कराई जा रही है. अनुसंधान के बाद दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.

    रिपोर्ट : विकास कुमार, सरायकेला


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news