मंगलवार को शराब की बड़ी खेप बरामद, ब्राउन शुगर तस्करी में 6 युवक धराए


गोड्डा (GODDA) - जिले में मंगलवार को गोड्डा पुलिस को दो बड़ी सफलता मिली है. पहली सफलता तब मिली जब ग्वालियर से अरुणाचल प्रदेश जा रही शराब लदी कंटेनर को जब्त किया गया. इसमें 1000 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई जिसमें फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश का टैग लगा था. शराब की कीमत अरुणाचल प्रदेश में भले ही 4 लाख रुपए हैं. मगर झारखण्ड में 40 लाख रुपए हैं. इस कंटेनर को ग्वालियर से धनबाद होते हुए रामपुरहाट के रास्ते गुवाहाटी होते हुए अरुणाचल जाना था. मगर शराब माफियाओं द्वारा इसे गोड्डा लाया गया जो कहीं से भी इस मार्ग में नहीं पड़ता.
गोड्डा के क्षेत्र में डंप कर बिहार में खपाया जाना था शराब
अरुणाचल प्रदेश को जा रही शराब गोड्डा में पकडे जाने की ये दूसरी घटना है. इससे पहले भी ऐसे ही एक बड़े वाहन को पकड़ा गया था. उत्पाद अधीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ी गयी शराब की कंटेनर के साथ चालक और सह चालक के साथ एक स्थानीय युवक भी गिरफ्तार हुआ है जिससे ये प्रतीत होता है कि शराब गोड्डा में डम्प कर बिहार में ले जाकर बेचा जाता.
6 युवक धराये,10 ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद
मंगलवार की सुबह गोड्डा पुलिस को दूसरी सफलता उस वक्त मिली जब जसीडिह से गोड्डा आ रही एक बस को गुप्त सुचना के आधार पर रोककर तलाशी ली गयी. 6 युवक ब्राउन सुगर के साथ पकड़ाए .पकडे गए युवकों के पास से दस ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद किया गया. सभी युवकों से पूछताछ के क्रम में उन्होंने बताया कि वे सभी गोड्डा से 26 दिसम्बर को आरा के लिए निकले थे जहां से वे ब्राउन शुगर खरीदकर वापस लौटेंगे. 28 की सुबह जसीडीह स्टेशन से ही पीछा कर रहे गोड्डा पुलिस ने मुफ्फसिल थाना के सामने बस को रुकवा कर तलाशी ली तो सभी पकड़े गए .
गोड्डा के युवा कोरेक्स,भांग गांजा जैसे नशा के गिरफ्त में पहले से ही थे और ये आम बात भी हो गयी थी. मगर ब्राउन शुगर जैसी मंहगी नशे की खपत गोड्डा जैसे शहर में होने की शुरुआत जिला प्रशासन के साथ साथ यहां के अभिवावकों के लिए भी चिंतनीय विषय बन गया है. गोड्डा एस पी वाय एस रमेश द्वारा प्रेस वार्ता कर बताया कि अभिवावकों को अपने बच्चों पर निगरानी रखने की जरुरत है ताकि उनके बच्चे किसी गलत रास्ते पर नहीं चल पाए .
रिपोर्ट : अजीत कुमार, गोड्डा
4+